सतना/भोपाल, 29 जुलाई : मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर में 11 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए गए दो आरोपितों के घरों को जिला प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।

शनिवार सुबह करीब 11 बजे जिला प्रशासन की टीम पहले आरोपित रवि कुमार के घर पहुंची और उसके मकान के अवैध हिस्से को ढहा दिया। इसके बाद टीम आरोपित अतुल कुमार बढोलिया का मकान ढहाने पहुंची। इस दौरान परिवार की महिलाएं सामने आकर खड़ी हो गईं और कहने लगीं कि वारदात के वक्त बेटा ड्यूटी पर था। उसे फंसाया जा रहा। पहले मामले में पूरी जांच की जाए, इसके बाद बुलडोजर चलाया जाए। हालांकि, प्रशासन ने महिलाओं को हटाकर उसके मकान को भी ढहा दिया।

बच्ची के साथ गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था और उसे जंगल में छोड़कर भाग गए थे। शुक्रवार सुबह बच्ची खून से लथपथ गंभीर हालत में अपने घर पहुंची थी। परिजन उसे थाने ले गए, जहां शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे रीवा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने आरोपितों की शिनाख्त कर शुक्रवार को ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद दोनों आरोपितों अतुल कुमार बढोलिया और रवि कुमार को अदालत में पेश कर 10 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

शनिवार को जिला प्रशासन की टीम ने नगर पालिका के अमले के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी के माध्यम से दोनों आरोपितों के मकानों को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीओपी लोकेश डावर, थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और तहसीलदार जितेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।

मामले में मैहर एसडीएम सुरेश जाधव ने बताया कि दोनों आरोपितों के परिजनों को गत दिवस नोटिस दिया गया था। जांच में पाया गया कि उनका मकान अवैध रूप से बना हुआ है, जिसे शनिवार जेसीबी की सहायता से तोड़ा गया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *