नई दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का संबोधन न सिर्फ़ भावनात्मक रहा, बल्कि सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का स्पष्ट रोडमैप भी पेश करता दिखा। अपने भाषण में उन्होंने एक ओर भारत के संविधान निर्माताओं को नमन किया, तो दूसरी ओर दिल्ली सरकार के 11 महीनों के कामकाज का विस्तृत ब्यौरा जनता के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि यह वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर है। साथ ही, RSS की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को भी स्मरण किया।

दिल्ली के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए सीएम गुप्ता ने कहा, “दिल्ली भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है। जिन्होंने इसे लूटने की कोशिश की, वे इतिहास में गुम हो गए, लेकिन दिल्ली हर बार पहले से ज्यादा मजबूत और समृद्ध बनकर उभरी है।”

उन्होंने आगे कहा कि जब उनकी सरकार ने 11 महीने पहले दिल्ली की बागडोर संभाली, तब व्यवस्थाओं में जमी धूल और वर्षों की रुकावटें सबसे बड़ी चुनौती थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को आधार बनाकर सरकार ने फैसले लिए, जिनका उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाना है।

11 महीनों में सरकार की प्रमुख उपलब्धियां और घोषणाएं

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने जनकल्याण से जुड़ी कई अहम योजनाओं और आंकड़ों को विस्तार से रखा:

  • 50 अटल कैंटीन शुरू की गईं, जहां मात्र 5 रुपये में भोजन उपलब्ध है। रोज़ाना करीब 50,000 लोग इसका लाभ ले रहे हैं।
  • दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है।
  • आयुष्मान भारत योजना पहले दिन से लागू की गई, जिससे अब तक से 6.5 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं।
  • 300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए गए।
  • स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 4,000 नए डॉक्टरों और पेरामेडिक्स की भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

शिक्षा और युवा सशक्तिकरण

  • शिक्षा के लिए बजट का 21% हिस्सा निर्धारित किया गया।
  • स्कूल फीस बढ़ोतरी पर रोक के लिए सरकार कानूनी बिल लेकर आई है।
  • 1,300 करोड़ रुपये की लागत से नरेला में एजुकेशन हब का निर्माण किया जा रहा है।

खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन

  • दिल्ली सरकार देश में खिलाड़ियों को सबसे अधिक प्रोत्साहन राशि देने वाली सरकार बन गई है।
  • ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर 7 करोड़, रजत पर 5 करोड़ और कांस्य पदक पर 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और परिवहन

  • दिल्ली का कैपिटल एक्सपेंडिचर 30,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया।
  • अगले 3 वर्षों में 11,000 ई-बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी।
  • दिल्ली के सभी ISBT का कायाकल्प किया जाएगा।
  • दिल्ली मेट्रो का बजट बढ़ाकर 5,000 करोड़ रुपये कर दिया गया।

सामाजिक समावेशन और सुरक्षा

  • महिलाओं के साथ-साथ अब ट्रांसजेंडर समुदाय को भी फ्री बस यात्रा के लिए ‘पिंक बस कार्ड’ दिया जाएगा।
  • राजधानी की सुरक्षा के लिए 10,000 नए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।
  • तिहाड़ जेल को शिफ्ट करने की योजना पर सरकार काम कर रही है।

ग्रामीण और झुग्गी विकास

  • दिल्ली के गांवों के विकास के लिए 1,700 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
  • झुग्गी बस्तियों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रावधान।
  • राजधानी में 10 नई गौशालाओं के निर्माण का कार्य जारी है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को एक आधुनिक, सुरक्षित और समावेशी राजधानी बनाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में दिल्ली विकास, संवेदनशील शासन और सामाजिक संतुलन का आदर्श मॉडल बनेगी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *