Highlights

टी-20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान पर 61 रन की ऐतिहासिक जीत, भारत सुपर-8 में अव्वल

कोलंबो। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर न सिर्फ जीत दर्ज की, बल्कि ग्रुप-A में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सुपर-8 का टिकट भी पक्का कर लिया। कोलंबो के मैदान पर भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित और दमदार प्रदर्शन किया। ईशान किशन की तूफानी पारी ने बदला मैच का रुख भारतीय पारी की नींव सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने रखी। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 40 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए। किशन की यह पारी न सिर्फ दर्शकों के लिए रोमांचक रही, बल्कि पाकिस्तानी गेंदबाजों के आत्मविश्वास को भी हिला गई। हालांकि दूसरे छोर से अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके और 4 गेंदों में आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में 25 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर 32 रन जोड़े, जबकि अंत में शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 27 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए, जो इस बड़े मुकाबले में एक प्रतिस्पर्धी स्कोर साबित हुआ। पाकिस्तान की पारी लड़खड़ाई, भारतीय गेंदबाजों का जलवा 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पावर प्ले में ही चार प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। साहिबजादा फरहान बिना खाता खोले आउट हुए। सैम अयूब ने 2 गेंदों में 6 रन बनाए, जबकि कप्तान सलमान अली आगा 4 रन बनाकर चलते बने। अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके। वह 7 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्पिनर अक्षर पटेल ने चलता किया। हालांकि उस्मान खान ने 34 गेंदों में 44 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और अक्षर पटेल का शिकार बन गए। बुमराह और अक्षर की घातक गेंदबाजी भारतीय गेंदबाजी की कमान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्पिनर अक्षर पटेल ने संभाली। दोनों ने सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासित गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पाकिस्तान की टीम दबाव से उबर नहीं सकी। आखिरकार पाकिस्तान की पूरी टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई और भारत ने 61 रनों से शानदार जीत दर्ज की।  ग्रुप-A में भारत शीर्ष पर इस जीत के साथ भारत के 6 अंक हो गए हैं और टीम ग्रुप-A में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। शानदार नेट रन रेट और संतुलित प्रदर्शन के दम पर भारत ने सुपर-8 में दमदार एंट्री की है। टीम इंडिया के इस प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि वह इस टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार है। अब नजरें सुपर-8 के मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।

ईशान–हार्दिक की दमदार पारी, इरास्मस की चुनौती के बावजूद भारत की 93 रन से बड़ी जीत

पावरप्ले में रिकॉर्डतोड़ शुरुआत, आखिरी ओवरों में नामीबिया की वापसी; अब 15 फरवरी को पाकिस्तान से महामुकाबला नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी चौथी 200+ स्कोर वाली जीत दर्ज की। हालांकि शुरुआत जिस अंदाज़ में हुई थी, उससे लग रहा था कि भारत श्रीलंका के 260 रन के विश्व रिकॉर्ड को भी चुनौती दे सकता है, लेकिन अंतिम ओवरों में नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की शानदार गेंदबाजी ने भारत को 209/9 के स्कोर पर रोक दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर नामीबिया ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पावरप्ले में तूफानी आगाज़ ईशान किशन और संजू सैमसन ने पहले ही ओवर से आक्रमण शुरू कर दिया। संजू ने सिर्फ 8 गेंदों में 22 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, हालांकि वे दूसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने नामीबिया के गेंदबाजों पर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। दोनों ने मिलकर पावरप्ले के छह ओवरों में 86 रन जोड़ डाले — जो टी-20 विश्व कप इतिहास में छह ओवर में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। स्टेडियम में मौजूद दर्शक हर शॉट पर झूम उठे। 20 गेंदों में ईशान की फिफ्टी ईशान किशन ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी-20 विश्व कप में भारतीय बल्लेबाज द्वारा संयुक्त चौथा सबसे तेज पचासा पूरा किया। उन्होंने 23 गेंदों में 61 रन बनाए। सातवें ओवर में ही भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। लेकिन आठवें ओवर में ईशान के आउट होते ही भारत की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। तिलक वर्मा (25) और कप्तान सूर्य (13) भी जल्द पवेलियन लौट गए, जिससे नामीबिया ने मैच में वापसी की। हार्दिक–दुबे की साझेदारी से संभली पारी मध्यक्रम में जब विकेट गिर रहे थे, तब हार्दिक पांड्या ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 52 रन बनाए। शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि पांड्या के आउट होते ही भारत का निचला क्रम बिखर गया। अंतिम चार ओवरों में टीम केवल 23 रन ही जोड़ सकी और पांच विकेट गंवा बैठी। रिंकू सिंह (1), अर्शदीप सिंह (2) और वरुण चक्रवर्ती (1*) ज्यादा योगदान नहीं दे सके। भारत निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन ही बना पाया। इरास्मस की कप्तानी पारी नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने गेंद से कमाल करते हुए भारतीय लोअर ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने अपने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर 4 बड़े विकेट चटकाए — ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल। टी-20 विश्व कप में चार विकेट लेने वाले वे चौथे कप्तान बने। उनकी चतुराई भरी गेंदबाजी और लाइन-लेंथ ने भारत को संभावित बड़े स्कोर से रोक दिया। नामीबिया 116 पर ढेर 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। भारत ने यह मैच 93 रन से जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। अब महामुकाबले की बारी इस जीत के साथ भारत का आत्मविश्वास ऊंचा है, लेकिन असली परीक्षा 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में होगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब इस हाई-वोल्टेज मैच पर टिक गई हैं। भारत ने भले ही यह मुकाबला बड़े अंतर से जीत लिया हो, लेकिन अंतिम ओवरों में रन गति का धीमा पड़ना टीम के लिए चिंता का विषय रहेगा। आने वाले बड़े मुकाबलों में भारत को अपनी इस कमजोरी को दूर करना होगा।

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान महामुकाबला तय, कोलंबो में 15 फरवरी को होगा हाई-वोल्टेज मैच

डिजिटल डेस्क : लंबे सियासी और कूटनीतिक ड्रामे के बाद आखिरकार क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित होगा। इस अहम फैसले पर मुहर रविवार को लाहौर में हुई आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की त्रिपक्षीय बैठक के बाद लगी। प्रतिष्ठित क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज के मुताबिक भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सहमति बन चुकी है और इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी। पाकिस्तानी मीडिया ने भी इस खबर की पुष्टि कर दी है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। भारत से खेलने पर राजी हुआ पाकिस्तान दरअसल, 1 फरवरी को पाकिस्तानी सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ खेलने से रोक दिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने स्थिति को संभालने के लिए 8 फरवरी को अपनी डेलिगेशन टीम लाहौर भेजी। इस अहम बैठक में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल हुए। बैठक के दौरान पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रखीं, लेकिन आईसीसी ने सभी शर्तों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद बातचीत का रास्ता खुला रहा और अंततः भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सहमति बन गई। बीसीबी अध्यक्ष की अहम भूमिका इस पूरे घटनाक्रम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम की भूमिका अहम मानी जा रही है। उन्होंने पाकिस्तान से औपचारिक रूप से अनुरोध किया कि टी-20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप का पहला मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका में खेला जाए। क्रिकबज के अनुसार अमीनुल इस्लाम ने कहा, “लाहौर यात्रा और हमारी चर्चाओं के बाद मैं पाकिस्तान से अनुरोध करता हूं कि पूरे क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र के हित में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ आईसीसी टी-20 विश्व कप का मैच खेले।” आईसीसी का बयान और बांग्लादेश को राहत आईसीसी ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में यह भी स्पष्ट किया है कि मौजूदा मामले को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी भी तरह का वित्तीय, खेल संबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा। पाकिस्तान ने बांग्लादेश से जुड़े कुछ मुद्दे आईसीसी के सामने उठाए थे, लेकिन परिषद ने बीसीबी को पूरी तरह क्लीन चिट दे दी है। इसके साथ ही यह भी तय हुआ है कि बांग्लादेश, आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2031 से पहले आईसीसी के किसी बड़े आयोजन की मेजबानी करेगा। भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है। कोलंबो में होने वाला यह मैच न सिर्फ ग्रुप स्टेज का सबसे अहम मुकाबला होगा, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें भी इसी पर टिकी होंगी। अब सबकी नजरें आधिकारिक घोषणा और टिकटों पर टिकी हैं—क्योंकि क्रिकेट का सबसे बड़ा ‘महामुकाबला’ एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: वानखेड़े में भारत का विजयी आगाज़, सूर्यकुमार यादव की चमक से USA पर 29 रन की जीत

मुंबई: मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार आगाज़ किया। USA के खिलाफ खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 162 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में अमेरिकी टीम 20 ओवर पूरे खेलने के बावजूद लक्ष्य से 29 रन पीछे रह गई। इस जीत के साथ भारत के खाते में 2 अहम अंक जुड़ गए। मैच की शुरुआत भारत के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही गोल्डन डक पर पवेलियन लौट गए, जिससे शुरुआती ओवरों में दबाव साफ नजर आया। लेकिन इसके बाद मैदान पर आए सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। सूर्यकुमार यादव ने मुश्किल वक्त में भारतीय पारी को संभालते हुए जिम्मेदारी भरी और आक्रामक बल्लेबाज़ी की। उन्होंने गेंदबाज़ों पर दबाव बनाते हुए रन गति को संभाले रखा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मध्यक्रम के अन्य बल्लेबाज़ों ने भी छोटे-छोटे योगदान देकर पारी को मजबूती दी, जिससे भारत 20 ओवर में 162 रन बनाने में सफल रहा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA की टीम की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर मैच को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। तेज़ गेंदबाज़ों की सटीक लाइन-लेंथ और स्पिनरों की कसी हुई गेंदबाज़ी के आगे अमेरिकी बल्लेबाज़ खुलकर खेलने में नाकाम रहे। अंततः USA की टीम 20 ओवर में भी लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। इस तरह वानखेड़े के घरेलू माहौल में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की मजबूत नींव रखी। सूर्यकुमार यादव की मैच जिताऊ पारी और गेंदबाज़ों के सामूहिक प्रदर्शन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि भारतीय टीम इस बार खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उतरी है।

भारत-पाक टक्कर पर विराम: T20 वर्ल्ड कप 2026 में नहीं होगा महामुकाबला, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच से खींचे कदम

नई दिल्ली/कोलंबो। T20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है। दुनिया के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मुकाबले — भारत बनाम पाकिस्तान — पर एक बार फिर राजनीति की छाया पड़ गई है। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि उनकी क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ICC को इस वर्ल्ड कप से रिकॉर्ड व्यूअरशिप और कमाई की उम्मीद थी। भारत-पाक मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट फैंस के लिए भावनात्मक जुड़ाव रखता है, बल्कि यह टूर्नामेंट की आर्थिक रीढ़ भी माना जाता है। सरकार का फैसला, टीम को मिली आंशिक मंजूरी पाकिस्तान सरकार ने अपनी आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर बयान जारी करते हुए कहा— “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में भाग नहीं लेगी।” हालांकि पाकिस्तान टीम को श्रीलंका जाने की इजाजत मिल चुकी है और वह ग्रुप A के अपने सभी अन्य मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगी। न्यूट्रल वेन्यू भी नहीं सुलझा पाया विवाद गौरतलब है कि पाकिस्तान ने पहले ही भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसी कारण ICC ने भारत-पाक मैच को न्यूट्रल वेन्यू — कोलंबो — शिफ्ट किया था। उम्मीद की जा रही थी कि इससे रास्ता साफ होगा, लेकिन अब पाकिस्तान ने केवल भारत के खिलाफ मैच का ही बहिष्कार करने का फैसला लिया है। इस कदम से साफ है कि पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर नहीं होना चाहता, लेकिन भारत के खिलाफ खेलना मौजूदा राजनीतिक हालात में स्वीकार्य नहीं मान रहा। भारत को बिना खेले मिलेंगे 2 पॉइंट ICC के नियमों के मुताबिक, यदि कोई टीम मैच नहीं खेलती है तो उसे फॉरफिट माना जाता है। इसका सीधा फायदा भारत को मिलेगा — भारत को 2 पॉइंट्स बिना खेले मिलेंगे पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में बड़ा झटका लगेगा नेट रन रेट और सेमीफाइनल समीकरण भी प्रभावित होंगे हालांकि खेल के लिहाज़ से यह भारत के लिए फायदा है, लेकिन फैंस के लिए यह किसी हार से कम नहीं। ICC और पाकिस्तान — दोनों को होगा भारी नुकसान भारत-पाक मुकाबला ICC के लिए सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि— सबसे ज्यादा देखे जाने वाला मुकाबला सबसे ज्यादा विज्ञापन रेवेन्यू ब्रॉडकास्टर्स का प्राइम स्लॉट इस मैच के रद्द होने से ICC को करोड़ों के नुकसान की आशंका है। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भी आर्थिक और ब्रांड वैल्यू के स्तर पर बड़ा झटका लग सकता है। बांग्लादेश विवाद की कड़ी से जुड़ा फैसला यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद ICC ने उन्हें प्रतियोगिता से हटा दिया। पाकिस्तान ने पहले बांग्लादेश के समर्थन में पूरे टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी थी, लेकिन अंततः उन्होंने आधा कदम पीछे हटते हुए सिर्फ भारत मैच का बहिष्कार चुना। क्रिकेट हार गया, राजनीति जीत गई भारत-पाक मुकाबला सिर्फ क्रिकेट नहीं होता — यह जुनून, इतिहास और करोड़ों दिलों की धड़कन होता है। T20 वर्ल्ड कप 2026 में इस महामुकाबले का न होना एक बार फिर यह दिखाता है कि उपमहाद्वीप में खेल कितनी आसानी से राजनीति की भेंट चढ़ जाता है।

ईशान का तूफान, भारत का ताज: 271 रन बनाकर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को रौंदा

नई दिल्ली। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में शनिवार की रात भारतीय क्रिकेट के नाम एक और यादगार अध्याय जुड़ गया। पांचवें और अंतिम टी-20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर न सिर्फ मैच जीता, बल्कि पांच मैचों की सीरीज भी 4-1 से अपने नाम कर ली। यह जीत ईशान किशन के नाम रही, जिनकी विस्फोटक शतकीय पारी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। घरेलू दर्शक जहां अपने चहेते संजू सैमसन से बड़ी पारी की उम्मीद लगाए बैठे थे, वहीं मंच पर चमके ईशान किशन, जिनके बल्ले से निकले छक्कों-चौकों ने कीवी गेंदबाजों की रणनीति तहस-नहस कर दी। टॉस के बाद बदली मैच की कहानी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआत हालांकि भारत के पक्ष में नहीं रही। अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन की अतिरिक्त रफ्तार के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके। संजू सैमसन एक बार फिर नाकाम रहे और महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यह सीरीज में उनका लगातार पांचवां असफल प्रदर्शन रहा, जिसने उनके टी-20 विश्व कप के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 54 रन पर 2 विकेट था और मुकाबला संतुलन में नजर आ रहा था। किशन–सूर्यकुमार की साझेदारी ने उड़ाए होश इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने पारी की दिशा ही बदल दी। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 137 रनों की साझेदारी न्यूजीलैंड के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। किशन ने तेज हाथों, शानदार फुटवर्क और बेखौफ अंदाज से मैदान के हर कोने में शॉट लगाए। चोट के कारण चौथा टी-20 नहीं खेल पाने वाले किशन ने इस मैच में किसी भी तरह की झिझक नहीं दिखाई। उन्होंने महज 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वहीं सूर्यकुमार यादव ने अपने ट्रेडमार्क अंदाज में 30 गेंदों पर 63 रन ठोके, जिसमें चार चौके और छह छक्के शामिल थे। इसी दौरान उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे किए। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद भी ईशान का तूफान थमा नहीं। लेग स्पिनर ईश सोढ़ी के एक ओवर में उन्होंने 29 रन बटोर लिए। 42 गेंदों में शतक, रिकॉर्डों की बरसात ईशान किशन ने महज 42 गेंदों में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक पूरा किया। 97 रन पर पहुंचने के बाद लगातार दो छक्कों ने उन्हें तीन अंकों तक पहुंचाया। शतक पूरा करते ही उनका जोशीला जश्न और डगआउट में हार्दिक पांड्या की गले लगाकर दी गई बधाई इस पारी की खास तस्वीर बन गई। किशन 43 गेंदों पर 103 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में छह चौके और दस छक्के शामिल थे। अंत में हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों पर 42 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिससे भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह भारत के टी-20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में चौथी बार था जब टीम ने 250 से अधिक रन बनाए। लक्ष्य का पीछा और अर्शदीप का कहर 272 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में झटका दे दिया। टिम सीफर्ट (5) सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद फिन एलन और रचिन रवींद्र ने तेजी से रन बटोरते हुए दूसरे विकेट के लिए 100 रन जोड़ दिए। फिन एलन ने 38 गेंदों पर 80 रन की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन अक्षर पटेल ने इस साझेदारी को तोड़कर भारत को राहत दिलाई। इसके बाद कीवी पारी लड़खड़ा गई। महज 20 रन के भीतर तीन विकेट गिर गए और मैच भारत की पकड़ में आ गया। गेंदबाजों ने कसा शिकंजा अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला पांच विकेट हॉल पूरा किया। उन्होंने 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट चटकाए। अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह को एक-एक सफलता मिली। हालांकि जसप्रीत बुमराह का दिन अच्छा नहीं रहा और वह 4 ओवर में 58 रन देकर विकेट लेने में नाकाम रहे। सीरीज पर भारत की मुहर आखिरकार न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 46 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। ग्रीनफील्ड स्टेडियम की यह रात ईशान किशन के नाम रही—एक ऐसी पारी, जिसने न सिर्फ रिकॉर्ड बुक बदली, बल्कि भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को लंबे समय तक याद रहने वाला जश्न भी दे दिया।

बरसापारा में भारत का तूफान, अभिषेक–सूर्यकुमार की आतिशी बल्लेबाज़ी से सीरीज पर कब्ज़ा

गुवाहाटी: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज़ में शिकस्त दी और सीरीज अपने नाम कर ली। पहले गेंदबाज़ों ने शानदार अनुशासन दिखाया, फिर बल्लेबाज़ों ने मैदान पर ऐसा तूफान मचाया कि मुकाबला देखते-देखते भारत की झोली में आ गया। सधी हुई भारतीय गेंदबाज़ी ने न्यूजीलैंड की कमर तोड़ी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी कीवी टीम भारतीय गेंदबाज़ों के सामने खुलकर खेलने में नाकाम रही। शुरुआती ओवरों से ही भारत ने दबाव बना लिया और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 153 रन ही बना सकी। भारतीय गेंदबाज़ों ने लाइन-लेंथ में बेहतरीन नियंत्रण दिखाया और रनगति को कभी रफ्तार पकड़ने नहीं दी। इसके बाद बरसापारा में शुरू हुआ भारतीय बल्लेबाज़ों का शो। 154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत आक्रामक रही। युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने बेखौफ अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट्स लगाए। उन्होंने महज़ कुछ ही ओवरों में अर्धशतक पूरा कर दिया और न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों पर पूरी तरह हावी नजर आए। दूसरे छोर से कप्तान सूर्यकुमार यादव*ल ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में इनिंग्स को आगे बढ़ाया। 360 डिग्री शॉट्स के लिए मशहूर सूर्यकुमार ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और 57 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाज़ों के बीच हुई साझेदारी ने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में झुका दिया। भारत ने सिर्फ 10 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। भारतीय टीम ने महज़ 10 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। यह जीत न सिर्फ भारत की बल्लेबाज़ी ताकत को दर्शाती है, बल्कि टीम के संतुलित प्रदर्शन की भी झलक पेश करती है। इस जीत के साथ भारत ने टी20 सीरीज पर कब्ज़ा जमाया और घरेलू दर्शकों को जीत का जश्न मनाने का पूरा मौका दिया। बरसापारा की पिच पर भारतीय खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन लंबे समय तक याद किया जाएगा।

T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हुआ बांग्लादेश, ICC ने स्कॉटलैंड को दी बड़ी एंट्री

नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लेते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में अगले महीने से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से इस फैसले की पुष्टि की है। सुरक्षा को लेकर भारत आने से किया इनकार आईसीसी का यह सख्त कदम उस समय सामने आया, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद तब गहराया जब बांग्लादेश के स्टार गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किया गया, जिसके बाद बीसीबी ने भारत यात्रा को लेकर अपना रुख बदल लिया। 24 घंटे की डेडलाइन का नहीं दिया जवाब पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने बीसीबी को आधिकारिक तौर पर 24 घंटे का समय दिया था ताकि वह भारत आने को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करे। लेकिन तय समयसीमा के भीतर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर आईसीसी ने कड़ा फैसला ले लिया। सूत्रों के अनुसार, “बीती शाम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन अमिनुल इस्लाम बुलबुल को एक आधिकारिक ई-मेल भेजा गया, जिसमें साफ किया गया कि तय डेडलाइन का पालन न करने के कारण बांग्लादेश को टूर्नामेंट से रिप्लेस किया जा रहा है।” ICC प्रोटोकॉल उल्लंघन बना बड़ी वजह मामले को और गंभीर तब माना गया जब बीसीबी ने ढाका में एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसे आईसीसी प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया गया। सूत्रों का कहना है कि इसी कदम ने आईसीसी के फैसले को और तेज कर दिया। खेल मंत्रालय का भी सख्त रुख बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सचिव आसिफ नजरुल ने भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया था। हालांकि, आईसीसी ने कई बार आश्वासन दिया कि भारत में बांग्लादेशी टीम को किसी भी तरह का खतरा नहीं है और सभी सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता हैं। स्कॉटलैंड को मिलेगा सुनहरा मौका वहीं, क्रिकेट स्कॉटलैंड की ओर से कहा गया है कि उन्हें अभी तक आईसीसी की ओर से आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन उन्हें भरोसा है कि जल्द ही औपचारिक निमंत्रण मिल जाएगा। अगर ऐसा होता है, तो यह स्कॉटलैंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मौका साबित हो सकता है।

ईशान–सूर्या का तूफान,टीम इंडिया ने 209 रन चेज कर सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त

रायपुर: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मेहमान टीम को 7 विकेट से मात दी और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। 209 रनों जैसे बड़े लक्ष्य को भारतीय बल्लेबाजों ने जिस सहजता से हासिल किया, उसने मैच को एकतरफा बना दिया। न्यूजीलैंड की ठोस शुरुआत, 208 रन तक पहुंची कीवी टीम टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत शानदार रही। ओपनर्स डेवन कॉन्वे और टिम साइफर्ट ने पावरप्ले में आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। इसके बाद युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों में 44 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर रन गति को बनाए रखा। मध्य और अंतिम ओवरों में कप्तान मिचेल सैंटनर ने जिम्मेदारी संभाली और 27 गेंदों पर नाबाद 47 रन जड़ते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। ग्लेन फिलिप्स (19 रन) और डैरिल मिचेल (18 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवरों में न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 208 रन बनाए। गेंदबाजी में कुलदीप चमके, अर्शदीप रहे महंगे भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो कुलदीप यादव सबसे सफल रहे और उन्होंने 2 अहम विकेट झटके। हर्षित राणा, हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली। हालांकि, अर्शदीप सिंह का दिन अच्छा नहीं रहा और उन्होंने अपने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 53 रन लुटा दिए। लक्ष्य का पीछा: ईशान–सूर्यकुमार का धमाकेदार शो 209 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की एक न चलने दी। ईशान ने जहां ताकत और टाइमिंग का शानदार मिश्रण दिखाया, वहीं सूर्यकुमार यादव ने अपने खास अंदाज में 360 डिग्री शॉट्स से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दोनों बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ पारियों ने रन चेज को बेहद आसान बना दिया। भारतीय टीम ने जरूरी रन रेट को कभी बढ़ने नहीं दिया और 7 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। सीरीज पर मजबूत पकड़ इस जीत के साथ टीम इंडिया ने न सिर्फ मुकाबला अपने नाम किया, बल्कि सीरीज में 2-0 की बढ़त लेकर न्यूजीलैंड पर दबाव भी बढ़ा दिया है। घरेलू परिस्थितियों में भारतीय टीम का आत्मविश्वास चरम पर नजर आ रहा है, जबकि कीवी टीम को अगले मैचों में वापसी के लिए रणनीति पर नए सिरे से काम करना होगा। रायपुर की इस जीत ने साफ कर दिया कि मौजूदा फॉर्म में भारतीय टी20 टीम किसी भी बड़े लक्ष्य को आसानी से हासिल करने की क्षमता रखती है।

क्रिकेट जगत में हड़कंप: बांग्लादेश ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से नाम वापस ले लिया — भारत में खेलना अस्वीकार

ढाका/नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक ऐतिहासिक और विवादित क्षण तब देखने को मिला जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से अपना नाम वापस ले लिया। यह निर्णय भारत में होने वाले टूर्नामेंट के अपने मैचों को खेलने से इनकार करने के बाद आया है, जिससे क्रिकेट की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बड़ा भूचाल आ गया है। विवाद की शुरुआत और ICC का रुख 22 जनवरी तक चल रहे गतिरोध का मूल कारण था बांग्लादेश का भारत में मैच खेलने से इंकार। BCB ने यह मांग की थी कि उनके सभी मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं, लेकिन ICC ने इस अनुरोध को ठुकरा दिया और मूल शेड्यूल को बरकरार रखने का निर्णय किया। ICC ने कहा कि विस्तृत सुरक्षा आकलन और स्वतंत्र जांच ने यह पुष्टि की है कि भारत में किसी भी प्रकार का “विश्वसनीय खतरा” मौजूद नहीं है और इसलिए मैचों का स्थान बदलना संभव नहीं है। ICC ने बांग्लादेश को 24 घंटे का “अंतिम निर्णय” देने की भी मांग की थी — या तो टीम भारत में खेलने के लिए राज़ी हो, या फिर उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़े। बांग्लादेश की प्रतिक्रिया BCB ने प्रेस रिलीज़ में कहा कि वे भारत में विश्व कप खेलने से मना करते हैं और उनका फैसला “क्रिकेट के भविष्य की चिंता” पर आधारित है। बांग्लादेश का मानना है कि क्रिकेट की लोकप्रियता को यह निर्णय झटका देगा और लगभग 20 करोड़ लोगों को खेल से अलग रखेगा।” BCB ने दावा किया कि ICC ने हर स्थिति पर भारत के पक्ष में निर्णय लिया, और मामला कोई “एकल क्रिकेट मुद्दा” नहीं है, बल्कि यह व्यापक निर्णय-निर्माण असंतुलन का प्रतीक है। BCB अध्यक्ष ने कहा: “हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं और ICC से बातचीत जारी रखेंगे, लेकिन भारत में खेलना स्वीकार नहीं करेंगे। हमें क्रिकेट के भविष्य की चिंता है और हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।” बांग्लादेश सरकार और बोर्ड ने मुख्य रूप से सुरक्षा और राजनैतिक तनाव को कारण बताया। इस विवाद के बीच बंग्लादेश के प्रमुख खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान के IPL से हटाए जाने का मामला भी सामने आया, जिससे दोनों देशों के बीच क्रिकेट-राजनीति की जटिलता बढ़ी। बांग्लादेश ने ICC के फैसलों को पक्षपातपूर्ण बताया, और कहा कि ऐसा निर्णय खेल की स्वतंत्रता और निष्पक्षता के खिलाफ है। ICC ने लगातार कहा कि कोई भी सुरक्षा खतरा नहीं पाया गया है और आयोजक देशों (भारत/श्रीलंका) ने आवश्यक सुरक्षा आश्वासन दिए हैं। ICC का मानना है कि शेड्यूल में बदलाव व्यावहारिक रूप से असंभव है और भविष्य के टूर्नामेंट्स के लिए खराब मिसाल कायम कर सकता है। ICC ने स्पष्ट किया है कि यदि बांग्लादेश की टीम भारत में खेलने से इनकार करती है, तो उसे टूर्नामेंट से हटा दिया जाएगा, और उसकी जगह स्कॉटलैंड जैसी अन्य टीम को शामिल किया जा सकता है, जिससे 2026 टी-20 विश्व कप का आकार बदल सकता है। इस फैसले का क्रिकेट-अर्थव्यवस्था, खिलाड़ियों के करियर और द्विपक्षीय क्रिकेट रिश्तों पर गहरा प्रभाव पड़ सकता है। बांग्लादेश के खिलाड़ी मैच फीस और बोनस से वंचित हो सकते हैं जबकि बोर्ड भी ICC के भविष्य के फैसलों में अलग तरीके से प्रभावित हो सकता है।