नई दिल्ली। टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रन से करारी शिकस्त दी। पहले अभिषेक शर्मा के तूफानी अर्धशतक और फिर हार्दिक पांड्या की विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 विश्व कप में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है। अब 1 मार्च को भारत का मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा, जहां जीत अगले दौर का टिकट पक्का कर सकती है।

टॉस जिम्बाब्वे के नाम, लेकिन मैच भारत के

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन यह निर्णय भारतीय बल्लेबाजों के सामने फीका पड़ गया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए, जो टूर्नामेंट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

तेज शुरुआत, मिडिल ऑर्डर का धमाका

संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारतीय पारी को आक्रामक शुरुआत दी। दोनों ने महज 22 गेंदों पर 48 रन जोड़ दिए। संजू सैमसन ने 15 गेंदों पर 23 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद ईशान किशन ने तेजी बरकरार रखते हुए 24 गेंदों पर 38 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आते ही रफ्तार पकड़ी। उन्होंने 13 गेंदों पर 33 रन की तेज पारी खेली। इस दौरान अभिषेक शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक शर्मा ने टी20 विश्व कप में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 30 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

हार्दिक-तिलक की तूफानी फिनिशिंग

अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हार्दिक पांड्या ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 16 गेंदों पर 44 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों ने मिलकर भारत को 256 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम ने संभली हुई शुरुआत की। ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मरुमनी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। पावरप्ले के बाद अक्षर पटेल ने मरुमनी (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने डायोन मायर्स (6) को पवेलियन भेजा।

ब्रायन बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ मिलकर 72 रन की साझेदारी कर मैच में जान डालने की कोशिश की। हालांकि 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने दो झटके देकर जिम्बाब्वे की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने सिकंदर रजा (31) और रयान बर्ल (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया।

अंत में ब्रायन बेनेट शतक से चूक गए। उन्होंने 59 गेंदों पर 97 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली।

इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अब 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल का दरवाजा खोल सकता है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस हाई-वोल्टेज मैच पर टिकी रहेंगी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *