डिजिटल डेस्क : लंबे सियासी और कूटनीतिक ड्रामे के बाद आखिरकार क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित होगा।
इस अहम फैसले पर मुहर रविवार को लाहौर में हुई आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की त्रिपक्षीय बैठक के बाद लगी। प्रतिष्ठित क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज के मुताबिक भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सहमति बन चुकी है और इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी। पाकिस्तानी मीडिया ने भी इस खबर की पुष्टि कर दी है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
भारत से खेलने पर राजी हुआ पाकिस्तान
दरअसल, 1 फरवरी को पाकिस्तानी सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ खेलने से रोक दिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने स्थिति को संभालने के लिए 8 फरवरी को अपनी डेलिगेशन टीम लाहौर भेजी। इस अहम बैठक में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल हुए।
बैठक के दौरान पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रखीं, लेकिन आईसीसी ने सभी शर्तों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद बातचीत का रास्ता खुला रहा और अंततः भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सहमति बन गई।
बीसीबी अध्यक्ष की अहम भूमिका
इस पूरे घटनाक्रम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम की भूमिका अहम मानी जा रही है। उन्होंने पाकिस्तान से औपचारिक रूप से अनुरोध किया कि टी-20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप का पहला मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका में खेला जाए।
क्रिकबज के अनुसार अमीनुल इस्लाम ने कहा, “लाहौर यात्रा और हमारी चर्चाओं के बाद मैं पाकिस्तान से अनुरोध करता हूं कि पूरे क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र के हित में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ आईसीसी टी-20 विश्व कप का मैच खेले।”
आईसीसी का बयान और बांग्लादेश को राहत
आईसीसी ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में यह भी स्पष्ट किया है कि मौजूदा मामले को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी भी तरह का वित्तीय, खेल संबंधी या प्रशासनिक दंड नहीं लगाया जाएगा। पाकिस्तान ने बांग्लादेश से जुड़े कुछ मुद्दे आईसीसी के सामने उठाए थे, लेकिन परिषद ने बीसीबी को पूरी तरह क्लीन चिट दे दी है।
इसके साथ ही यह भी तय हुआ है कि बांग्लादेश, आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2031 से पहले आईसीसी के किसी बड़े आयोजन की मेजबानी करेगा।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है। कोलंबो में होने वाला यह मैच न सिर्फ ग्रुप स्टेज का सबसे अहम मुकाबला होगा, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें भी इसी पर टिकी होंगी।
अब सबकी नजरें आधिकारिक घोषणा और टिकटों पर टिकी हैं—क्योंकि क्रिकेट का सबसे बड़ा ‘महामुकाबला’ एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है।