नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में 27 से 29 मार्च तक केरल की समृद्ध कला, संस्कृति और सभ्यतागत विरासत का भव्य उत्सव ‘जनोत्सवम’ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम का आधिकारिक ब्रोशर जारी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली, देश की विविध परंपराओं को जोड़ने वाला एक जीवंत सेतु है और ‘जनोत्सवम’ जैसे आयोजन इस भूमिका को और सशक्त बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सांस्कृतिक संगम न केवल दिल्लीवासियों को केरल की परंपराओं से परिचित कराएगा, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक संवाद को भी नई ऊर्जा देगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राज्यसभा सांसद श्री सदानंदन मास्टर तथा इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. के. जी. सुरेश ने मुख्यमंत्री को इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में केरल की शास्त्रीय एवं लोक कलाओं, पारंपरिक संगीत, नृत्य, साहित्य और हस्तशिल्प का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, ‘जनोत्सवम’ का उद्देश्य केरल की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना और देश की विविध परंपराओं के बीच संवाद को प्रोत्साहित करना है। राजधानी में आयोजित होने जा रहा यह उत्सव कला प्रेमियों और सांस्कृतिक शोधकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
दिल्ली सरकार की भागीदारी इस आयोजन को नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। राजधानी में होने वाला यह सांस्कृतिक महोत्सव भारत की ‘एकता में अनेकता’ की भावना को साकार रूप में प्रस्तुत करेगा।