नई दिल्ली, 27 मई: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने शांति वन पहुंचीं। उन्होंने इस मौके पर पंडित नेहरू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य को आकार देने में पंडित नेहरू की महत्वपूर्ण भूमिका है। कांग्रेस के एक्स अकाउंट में साझा की गई सूचना के अनुसार, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली में उनके स्मारक शांति वन में पुष्पांजलि अर्पित की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा, ”भारत को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाले, आधुनिक भारत के निर्माता, लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, भारत को वैज्ञानिक, आर्थिक, औद्योगिक व विभिन्न क्षेत्रों में विकासशील बनाने वाले, देश को निरंतर विविधता में एकता का संदेश देने वाले, हमारे प्रेरणास्रोत, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।” उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पंडित नेहरू को याद किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ” भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन। सशक्त और समावेशी भारत का सपना लिए, नेहरू जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखी। सामाजिक न्याय, आधुनिकता, शिक्षा, संविधान और लोकतंत्र की स्थापना में उनका योगदान अमूल्य है। हिंद के जवाहर की विरासत और उनके आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।”

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *