छपरा, सोनपुर। सोनपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर एवं शिकारपुर पंचायत सहित विभिन्न पंचायतों में किसानों के लिए आयोजित फॉर्मर रजिस्ट्री निर्माण शिविर का जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उप समाहर्ता, भूमि सुधार सोनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, सोनपुर के साथ शिविर में प्रतिनियुक्त सर्वे टीम और कृषि विभाग के कर्मियों को निर्देशित किया कि जमाबंदी रैयतों की अद्यतन सूची के आधार पर फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वार्ड सदस्यों एवं संबंधित पंचायतों के मुखिया से भी सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अधिकाधिक किसानों से संपर्क स्थापित कर उन्हें शिविर तक लाया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित न रहे।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन किसानों के भूमि संबंधी कागजात लंबित हैं, उनसे आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर शीघ्र दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी की जाए तथा जमाबंदी कायम करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि अभिलेखों के अद्यतन होने से फॉर्मर रजिस्ट्री में स्वाभाविक रूप से वृद्धि होगी और किसानों को भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।

प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में जागरूकता बढ़ी है और शिविरों में उनकी भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। अधिकारियों का मानना है कि समयबद्ध लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा कर जिले में फॉर्मर रजिस्ट्री का दायरा व्यापक किया जाएगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *