नई दिल्ली, 16 जून: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों के मद्देनजर रविवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केन्द्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति तथा आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की।

यहां नार्थ ब्लॉक में दो चरणों में करीब चार-पांच घंटे से भी अधिक समय तक चली बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, सेना प्रमुख नामित जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, केन्द्रीय पुलिस बलों के महानिदेशक, जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, जम्मू कश्मीर प्रशासन तथा केन्द्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

श्री शाह को उप राज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की विस्तार से जानकारी दी गयी। सेना और पुलिस की ओर से भी आतंकवादियों की गतिविधियों के बारे में बताया गया। इसके आधार पर अधिकारियों को केन्द्र शासित प्रदेश में आतंकवादियों की गतिविधियों से सख्ती से निपटने की रणनीति बनाने के निर्देश दिये गये।

बैठक में आगामी अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा तथा उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं से संबंधित तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

इससे पहले श्री मोदी ने गुरुवार को श्री शाह और श्री डोभाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जम्मू कश्मीर की स्थिति की समीक्षा की थी। बैठक में श्री मोदी ने आतंकवाद रोधी कार्रवाई में सशस्त्र बलों की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने को कहा था। इसके बाद श्री शाह ने शुक्रवार को भी एक बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की थी।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से जम्मू कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ गयी हैं और सुरक्षाकर्मियों तथा आतंकवादियों के बीच निरंतर मुठभेड़ हो रही हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *