Highlights

नई दिल्ली, 18 जून: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने इस संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह मानवता के लिए शांति और आनंद का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

बिरला ने कहा कि यह गर्व की बात है कि विगत लगभग 80 वर्षों से यह संस्थान आध्यात्मिक उन्नति, व्यक्तित्व में आंतरिक परिवर्तन तथा विश्व-समुदाय के पुनरुद्धार के लिए अमूल्य योगदान देता रहा है। शांति, अहिंसा और प्रेम पर आधारित सेवा-भावना के जरिए इस संस्थान ने शिक्षा, ग्राम-विकास, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, आपदा प्रबंधन, दिव्यांगजनों की सेवा, अनाथ बच्चों के कल्याण तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह नई ऊर्जा, नए सामर्थ्य के बल पर सबके साथ मिलकर भारत के प्राचीन राजयोग के स्वर्णिम युग की पुनर्स्थापना कर रहे हैं।

विश्व में भारत के विशेष स्थान का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि भारत अपने आध्यात्मिक चिंतन, सोच-विचार तथा आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से विश्व का नेतृत्व कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि प्रत्येक देशवासी को गर्व है कि भारत की आध्यात्मिक संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वव्यापी पहचान बनाने का सकारात्मक काम योग ने किया है। उन्होंने कहा कि इसका सकारात्मक परिवर्तन, हर व्यक्ति के जीवन में हुआ है। योग के माध्यम से हम अपने मन, शरीर को स्वस्थ रखते हुए अपनी कार्य कुशलता को बढ़ा सकते हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *