दाहोद (गुजरात), 08 मार्च: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के गुजरात चरण के दूसरे दिन दाहोद शहर से अपनी यात्रा फिर से शुरू की और यह यात्रा पड़ोसी पंचमहल जिले में गोधरा की ओर बढ़ी।

राहुल गांधी की यात्रा ने बृहस्पतिवार को राजस्थान से गुजरात में प्रवेश किया था। दाहोद जिले के झालोड शहर में लोगों को संबाधित करने के बाद उन्होंने इलाके के एक गांव में रात्रि विश्राम किया था। उन्होंने शुक्रवार सुबह झालोड के समीप कम्बोई धाम में आदिवासियों के पूज्य गुरु गोविंद गुरु के दर्शन किए।

बाद में जब यात्रा शुक्रवार सुबह दाहोद शहर से फिर शुरू हुई तो रास्ते में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने राहुल का स्वागत किया। एक चौराहे पर आदिवासी भी एकत्रित हुए और उन्होंने अपने पारंपरिक नृत्य से राहुल गांधी का स्वागत किया। राहुल एक खुले वाहन में बैठे थे और उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

राहुल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा भेंट किया गया एक बड़ा केक भी काटा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर साल आठ मार्च को मनाया जाता है। राहुल का हालोल शहर जाने से पहले गोधरा में लोगों को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *