पटना, 30 जनवरी: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मुख्य कार्यक्रम पटना के गांधी घाट पर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर महात्मा गांधी एवं हुतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर सशस्त्र पुलिस द्वारा सलामी दी गई तथा दो मिनट की शोक सलामी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया और मौन श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर लिखा, “सभी देशवासियों को जागरूक और एकजुट कर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को एक जन आंदोलन में परिवर्तित करने वाले सत्य, अहिंसा और सदाचार के पुजारी, परम पूज्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि।”

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *