नई दिल्ली, 03 सितंबर : हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण बुधवार सुबह दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से 1.50 मीटर ऊपर पहुंच गई। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, पुराने रेलवे पुल पर आज सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 206.89 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान से 1.56 मीटर ऊपर है। यहां खतरे का निशान 205.33 मीटर पर है।

यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी के किनारे निचले इलाके के घरों में पानी घुस गया है और बड़ी संख्या में लोग दूसरी जगहों पर जाने या राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर हुए हैं। हथिनीकुंड बैराज से लगातार लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से दिल्ली में बाढ़ के हालात बने हैं। सरकार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

दिल्ली में यमुना का उच्चतम जलस्तर 13 जुलाई 2023 को 208.66 मीटर दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने अगले छह दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है, हालांकि 07 सितंबर तक दिल्ली में बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *