नई दिल्ली, 14 मई : आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान की पोल खोलने के लिए वॉशिंग मशीन का एक नायाब अभियान शुरू किया है, जिसमें बताया जायेगा कि किस प्रकार भ्रष्टाचार के आरोपियों को बेदाग़ किया जाता है।

आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को यहाँ से इस अभियान की शुरूआत की। श्री भारद्वाज ने डेमो दिखाकर बताया कि कैसे भ्रष्टाचार के आरोपियों को वॉशिंग मशीन में डालकर उनको क्लीन किया जाता है। लोगों को भाजपा के वॉशिंग मशीन का काला जादू दिखाने के लिए स्टेज पर एक तरफ बड़ी सी वॉशिंग मशीन रखी गई थी और दूसरी तरफ बड़ा सा जेल बनाया गया था। जो लोग भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हो गए, उनको ईडी ने वॉशिंग मशीन में डाल दिया और जिन्होंने समाज सेवा से पीछे हटने से इन्कार कर किया, उनको जेल में डाल दिया।

श्री राय ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि यह चुनाव हम भ्रष्टाचार से लड़ने और उसे खत्म करने के लिए लड़ रहे हैं। भाजपा के इस दावे की सच्चाई क्या है? भाजपा के वॉशिंग मशीन का काला जादू क्या है? आज हमारे कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज और उनकी टीम ने इस वॉशिंग मशीन के काले जादू को प्रदर्शित किया। पार्टी 23 मई तक दिल्ली के अंदर नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के हर विधानसभा में जाकर इस वॉशिंग मशीन के काले जादू को प्रदर्शित करेगी और भाजपा के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का असली सच जनता के सामने रखेगी।

उन्होंने कहा कि चार चरणों के मतदान के बाद पूरे देश से यही खबर आ रही है कि भाजपा 200 से 220 की सीटों पर सिमट रही है। ऐसे में हमारी कोशिश यही है कि दिल्ली और पूरे देश में बचे हुए तीन चरणों में चुनाव प्रचार को और तेज किया जाए। केंद्र सरकार की सच्चाई को जनता के सामने रखा जाए, जिससे लोग सही निर्णय ले सकें। जनता इस तानाशाही की सरकार को हटाएं और देश में इंडिया समूह की सरकार बनाएं। इसलिए आज ने हम वॉशिंग मशीन के काले जादू का अभियान शुरू कर रहे हैं।

श्री भारद्वाज ने कहा कि आज देश को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) दो एजेसियां ही चला रही है। जब केंद्र सरकार का मन करता है वह किसी भी नेता के खिलाफ ईडी-सीबीआई को छोड़ देती है। कुछ साल पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर आदर्श सोसायटी के घोटाले के आरोप लगे थे। कहा गया था कि कारगिल युद्ध में शहीद जवानों की विधवाओं के लिए सोसायटी बननी थी। इस सोसायटी में अशोक चव्हाण ने करोड़ों रुपए का घोटाला किया था। श्री चव्हाण भाजपा की वॉशिंग मशीन में धुलकर साफ हो गए और राज्यसभा भेज दिए गए।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *