नई दिल्ली, 16 अगस्त : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजधानी के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि धर्म, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में भाग लिया, जहां उन्होंने भगवान कृष्ण की आरती उतारी और श्रद्धालुओं के साथ भजनों में सहभागिता की। इसके बाद उन्होंने कुतुबगढ़ स्थित दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, प्रशांत विहार, शालीमार बाग सहित अन्य इलाकों में आयोजित जन्माष्टमी समारोहों में भी शामिल होकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बाल गोपाल को झूला झुलाया, माखन-मिसरी का भोग अर्पित किया और भजन संध्या में सम्मिलित हुईं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल एक दिव्य बालक या आराध्य देव ही नहीं, बल्कि सत्य, कर्तव्य और निष्काम कर्म के प्रतीक हैं। उन्होंने गीता के उपदेशों के माध्यम से मानव समाज को धर्म, समभाव और आत्मनिष्ठा का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा, “विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और विवेक बनाए रखना ही सच्ची भक्ति है। यदि हम श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात करें, तो समाज में प्रेम, करुणा और सौहार्द का वातावरण स्थापित होगा।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोगों से समाज में प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व हमें अधर्म पर धर्म की विजय और एकता का संदेश देता है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि प्रभु के एक भक्त और राज्य की मुख्य सेविका के रूप में उनकी यही प्रार्थना है कि भगवान कृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया भर में लोग भक्ति और उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मना रहे हैं, गली-गली और मंदिरों में आराधना हो रही है।

अंत में मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि हम सभी अपने जीवन में श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को अपनाएं, तो न केवल समाज में सौहार्द और शांति स्थापित होगी, बल्कि हमारा जीवन भी सार्थक बन सकेगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *