नई दिल्ली, 02 मई: दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) जल्द ही ऑनलाइन बस पास सेवा शुरू करने जा रहा है। अभी तक सिर्फ टिकट सेवा डिजिटल थी, लेकिन अब छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, खिलाड़ियों और अन्य श्रेणी के यात्रियों को मिलने वाले रियायती पास भी ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इससे यात्रियों को पास बनवाने के लिए डिपो या काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और डीटीसी को अलग से कर्मचारियों की तैनाती भी नहीं करनी होगी।

डीटीसी की तकनीकी टीम इस सेवा को लागू करने की दिशा में काम कर रही है। पहले यह सेवा 1 मई से शुरू करने की योजना थी और डीटीसी ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी भी साझा की थी, लेकिन तकनीकी तैयारियां पूरी न होने के कारण इसे कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही यह सेवा शुरू की जाएगी।

पिंक टिकट योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतें: सीएम गुप्ता

वहीं, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए भी नया प्रावधान किया गया है। दिल्ली सरकार महिलाओं को डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी करेगी, जो आजीवन वैध रहेगा। यह कार्ड उन्हें राजधानी में डीटीसी और क्लस्टर बसों में कभी भी मुफ्त यात्रा करने की सुविधा देगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यह कदम पिंक टिकट योजना में भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद उठाया गया है। गुप्ता ने कहा कि हम दिल्ली में महिलाओं को मुफ्त और सुरक्षित यात्रा सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अब डिजिटल कार्ड से ‘गुलाबी भ्रष्टाचार’ समाप्त होगा और पूरी टिकट प्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी और दक्ष बनाया जाएगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *