नई दिल्ली, 04 जून: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस एमपी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करने के साथ रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर फोकस किया। दोनों देश इस बात पर भी सहमत हुए कि रक्षा और सुरक्षा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख स्तंभ हैं और हिंद प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और नियम-आधारित व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध हैं।

ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने आज राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर भारत के वीरों को श्रद्धांजलि देते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री ने आज मार्लेस से द्विपक्षीय वार्ता से पहले मुलाकात की। मार्लेस ने तीनों सेनाओं के सलामी गारद का निरीक्षण किया, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते रक्षा संबंधों को रेखांकित किया गया। राजनाथ सिंह ने रिचर्ड मार्लेस एमपी के साथ अत्यंत उपयोगी बैठक के दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा साझेदारी की पूरी श्रृंखला की समीक्षा की। द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने में उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता और नेतृत्व हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। पहलगाम में आतंकवाद के बर्बर कृत्य के खिलाफ दृढ़ प्रतिक्रिया के लिए ऑस्ट्रेलिया के स्पष्ट समर्थन को लेकर भारत ने उनका आभार व्यक्त किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक में रिचर्ड मार्लेस ने कहा कि हम आपकी सरकार और प्रधानमंत्री मोदी तथा उनके नेतृत्व के प्रति बहुत आभारी हैं, जिसने हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों को एक बिल्कुल अलग स्तर पर पहुंचा दिया है। हमें लगता है कि भारत के साथ हमारा रणनीतिक तालमेल पहले कभी इतना नहीं रहा, जितना अब है। यह दोस्तों के साथ मिलकर काम करने का समय है और हम निश्चित रूप से भारत को उसी नजरिए से देखते हैं। आपके साथ हमारे संबंध सर्वोच्च प्राथमिकता वाले हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का रक्षा पहलू पूरे द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।हमारे रक्षा संबंध दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच वार्षिक नेताओं के शिखर सम्मेलन के परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हम रक्षा और सुरक्षा की संयुक्त घोषणा के बारे में महत्वाकांक्षी होना चाहते हैं। हम समुद्री सुरक्षा और सहयोग रोडमैप के बारे में महत्वाकांक्षी होना चाहते हैं। हम दोनों को अपने रक्षा संबंधों को और आगे बढ़ाने में दो महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखते हैं। उन्होंने व्यापक द्विपक्षीय संबंधों के लिए आभार जताते हुए भारत के राष्ट्रीय हित में भी काम करने की उम्मीद जताई।

मंगलवार देर रात दिल्ली पहुंचे ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस बुधवार सुबह-सुबह टहलने गए। उन्होंने दिन की शुरुआत चाय से करने की भारतीय परंपरा को अपनाते हुए मालचा मार्ग पर जाकर एक दुकान में चाय पी। भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने कहा कि नेहरू पार्क में सुबह की दौड़ और उसके बाद मालचा मार्ग पर चाय से दिल्ली में उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस एमपी के दिन की सक्रिय शुरुआत। आगे एक व्यस्त लेकिन उत्पादक दिन की उम्मीद है। रिचर्ड मार्लेस ने भी एक पोस्ट में कहा कि वह नेहरू पार्क में दौड़ने गए और फिर मालचा मार्ग पर चाय पी। भारत में सबसे पहले दौड़ना और स्थानीय बाजार से चाय पीना ही सबसे अच्छा है।

मार्लेस उच्च स्तरीय बैठकों के लिए 2-5 जून तक मालदीव, श्रीलंका, भारत और इंडोनेशिया की यात्रा पर हैं। उप प्रधान मंत्री भारत-प्रशांत क्षेत्र में कूटनीतिक और रक्षा साझेदारी को गहरा करने की सरकार की प्रतिबद्धता के तहत दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया के नेताओं और समकक्षों से मुलाकात करेंगे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *