पटना, 26 जून : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की बिहार इकाई के अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने राज्य की गिरती कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस पूरी तरह विफल साबित हो रही है। मंगनी लाल मंडल ने कहा कि स्थिति यह हो गई है कि इस सरकार में दलितों और पिछड़ों को न्याय नहीं मिल रहा है।

राजद प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कई ऐसे मामले प्रदेश में हैं, जिनमें पुलिस ही अपराधियों को बचाती नजर आती है। उन्होंने खगड़िया के खरीक थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या और शव पर तेजाब डालने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खरीक थाना क्षेत्र में गत 14 जून को एक महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी नृशंस हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी है।

राजद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अति पिछड़ा समाज की एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई और शव पर तेजाब डाल दिया गया। हत्या के दौरान महिला के गुप्तांगों को क्षत-विक्षत कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने अब तक परिजनों को नहीं सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में स्थानीय पुलिस संलिप्त बदमाश को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने तो यहां तक कहा कि इस मामले में प्राथमिकी भी सही तरीके से दर्ज नहीं कराई गई है।

मंगनी लाल मंडल ने बताया कि इस मामले को लेकर राजद ने एक जांच कमेटी भी बनाई थी। दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा तक नहीं लगाई गई है। मुख्य आरोपी का नाम तक दर्ज नहीं है। ऐसे में यह प्रश्न उठना लाजिमी है कि पुलिस आखिर किसे बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार को न्यायिक मदद भी पहुंचाएगी। ऐसे कई मामले पार्टी के पास पहुंचे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *