धर्मवरम (आंध्र प्रदेश), 05 मई : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूदा लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के बाद 400 सीट के आंकड़े की ओर बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले दो दौर के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली सीट की संख्या 100 से अधिक हो गई होगी।

शाह ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक रैली को संबोधित करते हुए आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पर राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) गठबंधन के सहयोगियों का मजाक उड़ाते हुए कहा कि राहुल गांधी सहित इस गठबंधन का कोई भी नेता देश का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त नहीं है, जबकि दूसरी ओर पूरे देश ने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है।

शाह ने मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और अभिनेता पवन कल्याण के नेतृत्व वाली जनसेना ने गुंडों और अपराधियों के कथित शासन, राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और रेत माफिया को समाप्त करने के लिए गठबंधन किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘देश में लोकसभा चुनाव हो रहा है। आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहा है। आम चुनाव के पहले दो चरण समाप्त हो चुके हैं। पहले दो चरण में मोदी 100 सीट पाकर आगे हैं। तीसरे चरण में वह 400 से ज्यादा सीट हासिल करने की ओर बढ़ रहे हैं।’’

गृह मंत्री ने कहा कि वह राज्य में भ्रष्टाचार, अपराध, माफिया और धर्मांतरण के खिलाफ भाजपा, तेदेपा और जनसेना गठबंधन की लड़ाई को ताकत देने के लिए आंध्र प्रदेश आए हैं। शाह ने कहा कि पूरे देश ने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित ‘इंडिया’ गठबंधन का कोई भी नेता देश का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त नहीं है। रेड्डी पर प्राथमिक शिक्षा में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करके तेलुगु को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए शाह ने आश्वासन दिया कि भाजपा ऐसे कदमों की अनुमति नहीं देगी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *