Highlights

नई दिल्ली, 22 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 70,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने इन युवाओं को संबोधित भी किया।

उन्होंने कहा कि 1947 में आज के ही दिन 22 जुलाई को तिरंगे को संविधान सभा द्वारा वर्तमान स्वरूप में स्वीकार किया गया था। इस महत्वपूर्ण दिन है। आप सभी को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र मिलना बहुत बड़ी प्रेरणा है। यह आपके लिए यादगार और देश के लिए ऐतिहासिक दिन है।

उन्होंने कहा कि आजादी के इस अमृतकाल में सभी देशवासियों ने अगले 25 वर्ष में भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। देश के सभी नागरिक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हर सरकारी कर्मचारी के लिए यह समय महत्वपूर्ण है। आपके फैसले और निर्णय देशहित में विकास को गति देने वाले होने चाहिए। आपको इस अमृतकाल में देश सेवा का बहुत बड़ा अवसर मिला है।

रोजगार मेला देश भर में 44 स्थानों पर आयोजित किया गया। इस पहल का समर्थन करने वाले केंद्र सरकार के विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों में भर्तियां हो रही हैं। देशभर से चुने गए नए कर्मचारी राजस्व विभाग, वित्तीय सेवा विभाग, डाक विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, जल संसाधन विभाग, कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग और गृह मंत्रालय सहित सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्त किए जाएंगे।

नवनियुक्त व्यक्तियों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिल रहा है, जहां 580 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम ”एनीव्हेयर एनी डिवाइस’ शिक्षण प्रारूप के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *