नई दिल्ली, 15 मई : दिल्ली के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसजीजीएससीसी) के पुस्तकालय में बृहस्पतिवार सुबह आग लग जाने के कारण सुबह की पाली के लिए निर्धारित सेमेस्टर परीक्षाएं रद्द कर दी गईं। दिल्ली विश्वविद्यालय के घटक महाविद्यालय एसजीजीएससीसी के अधिकारियों ने बताया कि आग पुस्तकालय के सर्वर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

कॉलेज के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स में 15 मई 2025 को सुबह की पाली में होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है। वैकल्पिक तिथि और कार्यक्रम जल्द ही अधिसूचित किया जाएगा।’’ आग से पुस्तकालय का वह हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जिसमें पुरानी पुस्तकें रखी हुई थीं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सैकड़ों पुस्तकें जल गई हैं। सबसे पुराना संग्रह वाला खंड सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। अभी यह क्षेत्र धुएं से भरा हुआ है और नुकसान का सही आकलन तभी संभव होगा जब धुआं कम हो जाएगा।’’

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उन्हें सुबह करीब आठ बजकर 55 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली।

डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आग ने चार मंजिला पुस्तकालय इमारत की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर दमकल के 11 वाहनों को भेजा गया है और सुबह नौ बजकर 40 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।’’

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के सही कारण का पता लगाने और नुकसान का आकलन करने के लिए जांच की जा रही है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *