नई दिल्ली, 02 दिसंबर: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की दिल्ली इकाई ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ सोमवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले लोगों ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा की मांग करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व विहिप की दिल्ली इकाई के प्रमुख कपिल खन्ना ने किया।

बांग्लादेश में पांच अगस्त को शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद से देश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर 50 से अधिक जिलों में 200 से अधिक हमले दर्ज किए गए हैं। बांग्लादेश में 17 करोड़ की आबादी में हिन्दुओं की आबादी आठ प्रतिशत है।

इस्कॉन (अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ) ने बांग्लादेश की घटनाओं के विरोध में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोलकाता में अपने अल्बर्ट रोड केंद्र पर विरोध स्वरूप कीर्तन किया, इस दौरान जेल में बंद हिंदू आध्यात्मिक नेता चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग की गई।

धार्मिक संस्था ने बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों की हालत पर चिंता व्यक्त की। दास को देशद्रोह के एक मामले में गिरफ्तार किया गया और बाद में एक अदालत ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद राजधानी ढाका और चटगांव सहित विभिन्न स्थानों पर समुदाय के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *