Highlights

नई दिल्ली, 01 अप्रैल: उत्तरी दिल्ली में वजीराबाद के एक गांव में सोमवार को सुबह एक तेंदुआ घुस आया और उसने कम से कम पांच लोगों को घायल कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तेंदुए के गांव में घुस आने के कारण स्थानीय लोग घबरा गए।

दिल्ली दमकल सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि तेंदुए को बाद में वहां से ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ जगतपुर गांव में एक घर की छत से कूद कर समीप की इमारत में घुस गया जहां उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो में कुछ लोग तेंदुए का पीछा करते हुए और कुछ लोग दहशत में भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि उसे सुबह करीब छह बजकर 20 मिनट पर घटना की जानकारी मिली जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां दिल्ली में वजीराबाद के जगतपुर गांव भेजी गईं। गर्ग ने कहा, ”स्थानीय लोगों की मदद से अधिकारियों ने तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

एक निवासी ने कहा कि तेंदुए को पहली बार तड़के साढ़े चार बजे देखा गया था और सुबह सवा पांच बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन किया गया। उसने कहा कि तेंदुए ने 12 से अधिक लोगों पर हमला करने की कोशिश की और उनमें से कुछ को घायल कर दिया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) एम के मीना ने बताया कि जगतपुर गांव के एक मकान में तेंदुआ घुसने की सूचना मिली थी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग के अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया गया। पुलिस ने बताया कि तेंदुए के हमले में पांच लोग घायल हो गए और उनमें से तीन की पहचान महेंद्र, आकाश और रामपाल के रूप में की गई है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि वन विभाग के सात कर्मी, दिल्ली अग्निशमन विभाग का एक दल और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर मौजूद हैं। एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि गांव जंगल से घिरा हुआ है लेकिन वहां कोई बाड़ या किसी अन्य प्रकार की सुरक्षा नहीं है।

पिछले साल एक दिसंबर को दक्षिणी दिल्ली के सैनिक फार्म में एक तेंदुआ देखा गया था। वह कुछ वीडियो में रिहायशी इलाके की गलियों में टहलता दिखा था। उसे आखिरी बार छह दिसंबर को देखा गया था और वन विभाग को संदेह था कि तेंदुआ असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में लौट गया है। इसके एक हफ्ते बाद उत्तरी दिल्ली के अलीपुर में खाटूश्याम मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक कार की टक्कर लगने से एक तेंदुए की मौत हो गई थी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *