-दिल्ली में पानी की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा फिर आमने-सामने

नई दिल्ली, 16 जून : राष्ट्रीय राजधानी में जारी पानी की किल्लत को लेकर सियासत चरम पर है। जल संकट पर आम आदमी पार्टी और भाजपा के नेता आमने सामने हैं। एक तरफ, आम आदमी पार्टी का आरोप है कि हरियाणा दिल्ली को उसके हक का पानी नहीं दे रहा है। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा के नेताओं का आरोप है कि केजरीवाल सरकार का वाटर मैनेजमेंट ठीक नहीं है, टैंकर माफिया हावी है और इसलिए दिल्ली की जनता को पानी नहीं मिल रहा है।

नई दिल्ली संसदीय सीट से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ आरके पुरम में प्रदर्शन किया। इस विरोध-प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। भाजपाइयों ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ मटका फोड़ कर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी की।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह बहुत ही शर्मनाक है कि पिछले 10 साल से यहां आम आदमी पार्टी की सरकार है। हर साल पानी की समस्या होती है, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस संकट को दूर करने के लिए कुछ नहीं किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के पास पानी है। हरियाणा तय समझौते से ज्यादा पानी दे रहा है। आप सरकार ने जल बोर्ड को 600 करोड़ रुपये के मुनाफे से 73 हजार करोड़ रुपये के घाटे में लाकर खड़ा कर दिया। दिल्ली जल बोर्ड में मरम्मत का कोई काम नहीं किया गया। सिर्फ और सिर्फ टैंकर माफिया को प्रोत्साहित किया। दिल्ली की जनता आज पानी के लिए तरस रही है क्योंकि केजरीवाल सरकार ने इस पर कोई काम नहीं किया। दिल्ली में 40 फीसदी से ज्यादा पानी बर्बाद हो जाता है या फिर टैंकर माफिया उसे चुराकर ले जाता है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सेहरावत और भाजपा के कई नेताओं ने आज विभिन्न इलाकों में विरोध-प्रदर्शन किया और कहा कि दिल्ली में जल संकट के लिए अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार जिम्मेदार है।

पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि द्वारका के निवासी पानी की कमी के बारे में शिकायत कर रहे हैं क्योंकि निजी टैंकरों के लिए अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं, और उन्हें सरकारी टैंकरों का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। आप सरकार पर निशाना साधते हुए सुश्री सहरावत ने कहा, “दिल्ली सरकार पानी की कमी के लिए अन्य राज्य सरकारों को दोषी ठहरा रही है, जबकि समस्या उनके विभाग के भीतर है।” उन्होंने कहा,“मैं मंत्री आतिशी से मानवीय आधार पर नहीं, बल्कि दिल्ली सरकार में मंत्री होने के नाते अनुरोध करती हूं कि उन्हें अपने विभाग का ध्यान रखना चाहिए।”

वहीं आप पर तीखा हमला करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने थे तो दिल्ली जल बोर्ड करोड़ों रुपये के मुनाफे में था। उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल के पास एक वर्ष से ज्यादा समय तक दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष पद का प्रभार रहा। यह अजीब और आश्चर्यजनक है कि एक वर्ष से अधिक समय की ऑडिट रिपोर्ट गायब है और जल बोर्ड भारी कर्ज में डूबा है।’ सचदेवा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री पानी चोरी कर रहे हैं और दिल्ली में टैंकर माफिया चला रहे हैं।

दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी के नेता दिलीप पांडे पानी की समस्या को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पानी की किल्लत गंभीर होती जा रही है। हमने इस मामले में पत्र, मोबाइल और ईमेल के जरिए केंद्रीय मंत्री से संपर्क साधने की कोशिश की थी। हमने कहा कि आपके कॉर्डिनेशन से पानी का संकट दूर हो सकता है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *