नई दिल्ली, 14 जनवरी : दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दसवें पातशाह साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी के प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया। सुबह अरदास के पश्चात श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप को सुंदर पालकी साहिब में सुशोभित किया गया। गुरु साहिब की छत्रछाया में पांच प्यारों द्वारा नगर कीर्तन की अगुवाई करते हुए गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब से रवाना किया गया जो तालकटोरा रोड, शंकर रोड, राजिंदर नगर, पटेल नगर, शादीपुर डिपो, मोती नगर, कीर्ति नगर, रमेश नगर, राजा गार्डन, राजौरी गार्डन, सुभाष नगर मोड़, तिलक नगर, जेल रोड से होते हुए देर शाम गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा ए ब्लॉक फतेह नगर जाकर समाप्त हुआ। कड़ाके की सर्दी के बावजूद हज़ारों श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु साहिब का आर्शीवाद प्राप्त किया।

नगर कीर्तन में स्कूली बच्चों के अलावा गतका पार्टियां और गुरु की प्यारी निहंग सिंहों का जत्था भी शामिल हुआ। उनके साथ विभिन्न बैंड ग्रुप और अन्य टीमें भी नगर कीर्तन में गुरबाणी उचारण करते हुए चल रही थीं। नगर कीर्तन के मार्ग में संगतों ने चाय, ब्रेड पकौड़े व विभिन्न प्रकार के स्टाल लगाकर लोगों को लंगर प्रशादि बांटते हुए गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने तेज़ सर्दी के बावजूद संगत द्वारा नगर कीर्तन के प्रति इतना उत्साह दिखाए जाने पर आभार व्यक्त किया और कहा कि गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी ने अपने चार साहिबजादों की शहादत के बाद कहा था कि चार शहीद हुए तो क्या हुआ अभी कई हज़ार जीवित हैं। गुरु साहिब की रहमत के चलते आज सिख विश्व के विभिन्न कोनों में बसकर कौम का नाम ऊँचा करते हुए सरबत के भले के लिए कार्य कर रहे हैं।

गुरु साहिब के आशीर्वाद से सिख समुदाय दुनिया का एकमात्र ऐसा समुदाय है जिसने लंगर सेवा के साथ-साथ मानवता के लिए निभाई गई सेवा के चलते अपनी अनूठी पहचान बनाई है जिसके लिए समूची कौम बधाई की पात्र है। दुनिया में सबसे मेहनती कौम होने का सम्मान भी गुरु साहिब ने सिख कौम को दिया है। जिसके लिए समूची कौम बधाई क पात्र है। इस अवसर पर अन्य लोगों के अलावा दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह के.पी., उपाध्यक्ष सरदार आत्मा सिंह लुबाना, सचिव सरदार जसमेन सिंह नोनी और धर्म प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सरदार जसप्रीत सिंह करमसर सहित बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *