नई दिल्ली, 22 अगस्त : जी-20 सम्मेलन की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तैयारियां जोरों पर हैं। पुलिस का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के मुख्य सचिव से नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए 8 सितंबर से 10 सितंबर तक सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है। ताकि जी20 सम्मेलन के दौरान नियंत्रित क्षेत्रों में वाणिज्यिक (कमर्शियल) और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रह सकें।

10 हजार ट्रैफिक पुलिसकर्मी संभालेंगे यातायात व्यवस्था

जी-20 सम्मेलन सम्मेलन में यातायातकर्मियों की भी बड़ी भूमिका होगी। इसके लिए उन्हें भी कई स्तर पर प्रशिक्षण दिए गए। 10 हजार से अधिक यातायातकर्मी सम्मेलन के दौरान यातायात प्रबंधन का जिम्मा संभालेंगे। मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक दिल्ली यातायात पुलिस की संख्या लगभग 5,500 है जिनमें सभी रैंक के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं।

चल रही जोरों से तैयारी

जी-20 सम्मेलन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दिल्ली में 76 हजार गमले वाले पौधे लगा रहा है। इनमें से 35 हजार गमले प्रगति मैदान के आसपास, 25 हजार गमले राजघाट और इसके आसपास के इलाकों में लगाए जा रहे हैं।

कुल कितने पौधे लगाए जाएंगे?

विभाग तीन लाख 30 हजार पौधे लगाने की योजना पर काम कर रहा है। इसमें 2.54 लाख पौधे व झाड़ियां और 76 हजार गमले वाले पौधे शामिल हैं। जी-20 के चलते गमले लगाने का काम शिखर सम्मेलन के आयोजन से दो दिन पहले तक चलेगा।

नौ सितंबर की रात में आएंगे सभी राष्ट्राध्यक्ष

पुलिस अधिकारी का कहना है कि सात सितंबर की रात से 29 देशों के मंत्रियों व अन्य के अलावा 13-14 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारियों को दिल्ली आना शुरू हो जाएगा। आठ सितंबर से शुरू होने वाले सम्मेलन में ये विदेशी मेहमान ही पहले प्रगति मैदान में सम्मेलन में हिस्स लेंगे।

नौ सितंबर की रात 29 देशों के राष्ट्राध्यक्ष आएंगे। वे होटलों में ठहरेंगे। उसके बाद 10 सितंबर की सुबह 8.30 बजे सभी राजघाट पहुंचेंगे। वहां महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प चढ़ाने के बाद प्रगति मैदान में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *