नई दिल्ली, 03 अक्टूबर: उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित खजूरी खास क्षेत्र में एक केंद्रीय विद्यालय खुलने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) को जमीन उपलब्ध करा दी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें जानकारी दी गई है कि केवीएस ने दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र में एक नया केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह विद्यालय खजूरी खास (थाना खजूरी खास के पास सोनिया विहार क्षेत्र) उत्तर-पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में खोला जाएगा। प्रारंभिक रूप से विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक (प्रत्येक कक्षा में एकल अनुभाग) कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विद्यालय के संचालन के लिए भूमि आदि की व्यवस्था संबंधित प्राधिकरण द्वारा कर दी गई है और केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा इसे उपयुक्त पाया गया है। विद्यालय का संचालन सिविल सेक्टर के अंतर्गत किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार आने वाले वर्षों में इसका विस्तार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दिल्ली में वर्तमान में 46 केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री ने हमेशा यह माना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही आत्मनिर्भर भारत का सबसे मजबूत स्तंभ है। यही कारण है कि उन्होंने शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उसे सर्वांगीण विकास का माध्यम बनाने पर बल दिया है। प्रधानमंत्री की यही सोच कि ‘हर बच्चे को समान अवसर, समान शिक्षा और समान संसाधन’ इन विद्यालयों के माध्यम से साकार हो रही है। यह निर्णय शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी विकास, सामाजिक समानता और अवसरों की समानता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *