नई दिल्ली, 08 फरवरी : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आंधी के आगे आम आदमी पार्टी (आप) का 12 वर्ष का शासन उखड़ गया और बकौल केन्द्रीय मंत्री आप के ‘बड़े मियां और छोटे मियां’ श्री अरविंद केजरीवाल और श्री मनीष सिसोदिया सहित आम आदमी पार्टी (आप) के तमाम कई बड़े नेताओं को हार का स्वाद चखना पड़ा।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा की जीत की ताल ठोकते हुए तीन फरवरी को एक रैली में आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं श्री केजरीवाल के निकट सहयोगी श्री सिसोदिया को क्रमश: ‘बड़े मियां’ और ‘छोटे मियां’ की संज्ञा दी थी। गृह मंत्री ने कहा था कि आप के इन दोनों नेताओं ने दिल्ली की जनता का ठगा है।

श्री केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में कांटे के मुकाबले में भाजपा के प्रवेश वर्मा ने शिकस्त दी। श्री वर्मा को 30088 वोट मिले, जबकि श्री केजरीवाल को 25999 वोट मिले। श्री सिसोदिया को अपनी पटपड़गंज सीट छोड़कर जंगपुरा क्षेत्र में गये थे जहां उन्हें भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने 675 मतों से पराजित किया। श्री मारवाह को 38859 वोट मिले, जबकि श्री सिसोदिया 38184 मिले।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री एवं आप के प्रवक्ता सौरव भारद्वाज और परिवहन मंत्री एवं जाट नेता रघुविंदर शौकीन को भी भाजपा की आंधी ने उन्हें नहीं टिकने दिया। श्री भारद्वाज को ग्रेटर कैलाश सीट पर भाजपा की शिखा रॉय ने 3139 मतों से और श्री शौकीन को भाजपा के ही मनोज शौकीन ने 25251 मतों से हराया।

मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी सीट कड़े मुकाबले की आप का ध्वज ऊंचा रखने में सफल रही और उन्होंने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3521 वोट से हराया। एक अन्य मंत्री गोपाल राय ने भाजपा के अनिल कुमार वशिष्ट को 18994, बल्लीमारान से इमरान हुसैन ने भाजपा के कमल बागड़ी को 29823 मतों से तथा सुल्तानपुर माजरा से मुकेश कुमार अहलावत ने भाजपा के करम सिंह कर्मा को 17126 मतों से पराजित किया।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *