नई दिल्ली, 09 नवंबर: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की काउंसिल का गठन किया गया जिस में मनोनीत हुए चेयरमैन और उपाध्यक्ष समेत अन्य सदस्यों ने आज दिल्ली राज निवास में अपने पदों की शपथ ली।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मनोनीत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और एनडीएमसी के सदस्यों को शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी पहुंची। सिविल लाइन स्थित राज निवास में हुए इस कार्यक्रम में नई दिल्ली से बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने बतौर एनडीएमसी में सदस्य के रूप में शपथ ली है।

बता दें कि सबसे पहले नई दिल्ली लोकसभा से सांसद बांसुरी स्वराज ने शपथ ली, उसके बाद एनडीएमसी के नए अध्यक्ष केशव चंद्र ने शपथ ली है। फिर उसके बाद नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने शपथ ली है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद में सदस्य के रूप में दिल्ली कैंट से विधायक वीरेंद्र कादियान ने भी शपथ ली है।

इसके साथ ही दिल्ली भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, सरिता तोमर और अनिल वाल्मीकि ने एनडीएमसी की सदस्य के रूप में शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, संसद सदस्य रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चंदोलिया और दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेन्द्र तथा पालिका परिषद और दिल्ली सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *