नई दिल्ली, 15 दिसंबर: देश में एकता, प्रेम और शांति का संदेश फैलाने के लिए रविवार को लोधी गार्डन से ‘एक भारत, हम भारत’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक यात्रा में 1500 से ज्यादा लोग शामिल हुए. सामाजिक-आध्यात्मिक संगठन मैत्रीबोध परिवार की इस पहल का मकसद भारतीय समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की नई रोशनी जगाना था।

यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखना और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ यानी ‘सारा विश्व एक परिवार है’ की भावना को बढ़ावा देना था। इस दौरान, प्रतिभागियों ने अपने कदमों से यह संदेश फैलाया कि हम सभी एकजुट होकर एक मजबूत और खुशहाल समाज बना सकते हैं। मैत्रीबोध परिवार की प्रवक्ता मैत्रेयी मोहिनी ने इस अवसर पर कहा कि भारत की असली ताकत उसकी एकता में है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल एकता का संदेश देना नहीं बल्कि यह दिखाना भी है कि प्रेम और भाईचारे से ही हम समाज में समृद्धि और शांति ला सकते हैं।

मैत्रीबोध परिवार 2013 से समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक सुधार में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। ‘एक भारत, हम भारत’ यात्रा उसी का एक हिस्सा है। यह यात्रा देशभर में भारत की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और उसे विश्व में एकजुटता का प्रतीक बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *