नई दिल्ली, 08 जून: दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि यदि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय राजधानी के लिए पानी छोड़ भी दे तो भी शहर में जल संकट का हल नहीं होगा, क्योंकि हरियाणा ने आने वाले पानी का प्रवाह ‘कम’ कर दिया है।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आतिशी पर दिल्ली के लोगों को गुमराह करने के प्रयास में झूठ बोलने का आरोप लगाया और मांग की कि राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट पर एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। वजीराबाद बैराज का दौरा कर आतिशी ने जल स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने हरियाणा पर आरोप लगाया कि “हरियाणा उच्चतम न्यायालय के पीठ पीछे दिल्ली के लोगों के खिलाफ साजिश रच रहा है।” उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “वजीराबाद में यमुना का जल स्तर दो जून को 671 फुट से घटकर शुक्रवार को 669.7 फुट रह गया है। अगर जल स्तर इतना नीचे चला गया तो जल उपचार संयंत्र दिल्ली के लोगों को पानी कैसे देंगे।

उनकी यह टिप्पणी उच्चतम न्यायालय द्वारा हिमाचल प्रदेश सरकार को राष्ट्रीय राजधानी में 137 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने का निर्देश दिए जाने के एक दिन बाद आई है। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान हरियाणा से जल के प्रवाह को सुगम बनाने को कहा है। शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि पानी को लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। राजधानी दिल्ली इस भीषण गर्मी में जल संकट से जूझ रही है।

आतिशी ने कहा, “अगर हिमाचल प्रदेश पानी छोड़ भी देता है तो इससे जल संकट की समस्या का हल नहीं होगा, क्योंकि हरियाणा ने दिल्ली के लिए अपने हिस्से का पानी कम कर दिया है। हम सोमवार को उच्चतम न्यायालय को हरियाणा द्वारा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं छोड़ने के बारे में सूचित करेंगे।”

हालांकि, सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में पानी की समस्या कच्चे पानी की कमी की वजह से नहीं है, बल्कि वजीराबाद, सोनिया विहार और ओखला जल शोधन संयंत्रों में गाद से भरे भंडारण तालाबों तथा पानी की चोरी और बर्बादी की वजह से है। उन्होंने कहा, ‘आतिशी कब तक झूठ बोलकर दिल्लीवासियों को पानी की समस्या के बारे में गुमराह करेंगी? दिल्ली में 53 प्रतिशत शुद्ध पानी चोरी या रिसाव के कारण बर्बाद हो जाता है।’

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *