नई दिल्ली, 06 नवंबर: आईजीआई एयरपोर्ट के नजदीक एनएसजी के सुदर्शन कैंप में एनएसजी के कमांडो ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम नरेंद्र कुमार भंडारी है। आईजीआई थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से साक्ष्य एकत्रित किया गया।

मामले की छानबीन एनएसजी व आईजीआई थाना पुलिस दोनों द्वारा अपने अपने स्तरों पर की जा रही है। पुलिस के अनुसार शिव मूर्ति के नजदीक एनएसजी सुदर्शन कैंप में एक जवान द्वारा आत्महत्या करने की सूचना पीसीआर के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने लहुलुहान हालत में जवान का शव बैरक के भीतर पड़ा हुआ पाया।

छानबीन में पता चला कि नरेंद्र कुमार भंडारी भारतीय सेना में थे और इन दिनों प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी में तैनात थे। नरेंद्र ने आत्महत्या क्यों की, इसे लेकर पुलिस उनके साथ काम करने वाले कर्मियों व उनके स्वजन से बात कर पता करने का प्रयास करेगी। मौके पर सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसे लेकर पुलिस अधिकारी कुछ नहीं बता रहे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *