अयोध्या, 11 दिसंबर: गुरुवार सुबह अयोध्या में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के रीवा से अयोध्या दर्शन के लिए आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अचानक सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि कोहरा और तेज रफ्तार हादसे की वजह हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।