Highlights

पूर्णिया, 27 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय सीमांचल दौरे के दूसरे दिन गुरुवार की शाम पूर्णिया पहुँचे। किशनगंज और अररिया का दौरा करने के बाद उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में रहीं। गृह मंत्री ने गुरुवार रात पूर्णिया में ही विश्राम किया।

उनके प्रवास को देखते हुए शहर के प्रमुख ठिकानों, विशेषकर होटल मेफेयर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर सील कर दिया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने मल्टी-लेयर चेकिंग और निगरानी की व्यवस्था की थी, ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।

देर रात पार्टी नेताओं के साथ बैठक

पूर्णिया पहुंचने के बाद गृह मंत्री ने होटल में ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उन्होंने सीमांचल क्षेत्र की जमीनी राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार, संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर भी गहन चर्चा की गई।

आज होगी गोपनीय समीक्षा बैठक

दौरे के तीसरे दिन यानी शुक्रवार को गृह मंत्री होटल मेफेयर में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और गोपनीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा इंडो-नेपाल बॉर्डर के रास्ते होने वाली अवैध घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

विशेष रूप से सीमावर्ती जिलों में बदलते जनसांख्यिकीय स्वरूप (Demographic Change) और उससे उत्पन्न संभावित आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा खतरों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। बैठक में अवैध रूप से भारत में रह रहे लोगों की पहचान, सत्यापन और प्रभावी रोकथाम के लिए ठोस रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।

वरिष्ठ अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी

इस हाई-प्रोफाइल बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रवर्तन निदेशालय (ED) के संयुक्त निदेशक, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), सीआईडी, एसएसबी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी और एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे। सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को भी रणनीतिक चर्चा का हिस्सा बनाया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, समीक्षा बैठक संपन्न करने के बाद गृह मंत्री शुक्रवार शाम लगभग 4:20 बजे होटल मेफेयर से हेलीकॉप्टर द्वारा पूर्णिया सैन्य एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। वहां से वे सीधे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि गृह मंत्री का यह दौरा सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। सीमांचल क्षेत्र में इस दौरे को सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *