नई दिल्ली, 03 मई : दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा ने शुक्रवार को पीडब्लूडी अधिकारियों को एक कड़ा संदेश देते हुए विभाग की कार्यशैली में व्यापक बदलाव की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया, “अब दिल्ली में सिर्फ काम दिखेगा, बहाने नहीं चलेंगे। वर्मा ने राजधानी की सूरत बदलने के लिए 21 दिनों का विशेष स्वच्छता और सुधार अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके अंतर्गत सड़कों, नालों, सार्वजनिक स्थलों और फ्लाईओवर्स के नीचे की जगहों की सफाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडब्लूडी की छवि जनता की नजरों में नकारात्मक हो चुकी है और यह विश्वास फिर से बहाल करना जरूरी है।

मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “सरकार चाहे जो हो, आपको अपना काम ईमानदारी से करना होगा। जॉब सेतिसफेक्सन तभी मिलेगा जब आपका काम सड़कों पर नजर आए।” वर्मा ने चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता पर अब सिर्फ जूनियर इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि जरूरत पड़ी तो चीफ इंजीनियर तक को सस्पेंड किया जाएगा।

मंत्री ने फ्लाईओवर्स के नीचे पसरी गंदगी, अंधेरा और नशाखोरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह दिल्ली की सुंदरता के साथ अन्याय है और इस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ठेकेदारों को अनुशासित करने की भी बात कही। “अगर आप जानबूझकर काम में देरी कर रहे हैं, तो आप भी जिम्मेदार हैं,” उन्होंने कहा, हर प्रोजेक्ट की टाइमलाइन तय होगी और उसकी सख्ती से निगरानी की जाएगी। अंत में वर्मा ने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस बदलाव के नेतृत्वकर्ता बनें। उन्होंने इसे केवल एक सरकारी निर्देश नहीं, बल्कि पीडब्लूडी की साख को दोबारा स्थापित करने का प्रयास बताया।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *