होली के गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, 26 वर्षीय तरुण की मौत; छह आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, उत्तम नगर। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर थाना क्षेत्र स्थित हस्तसाल पुनर्वासित कॉलोनी में होली के दौरान हुआ एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें घायल 26 वर्षीय युवक तरुण की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 4 मार्च की रात करीब 11 बजकर 9 मिनट पर उत्तम नगर थाने में पड़ोसियों के बीच झगड़े की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत एक लड़की द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे से हुई, जो सड़क से गुजर रही एक महिला पर जा गिरा। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। झड़प के दौरान एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से अधिकतर को उसी दिन प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय तरुण अस्पताल में भर्ती था, जिसकी 5 मार्च की दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पहले भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। शुरुआती कार्रवाई में चार वयस्कों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया था। लेकिन तरुण की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) भी जोड़ दी गई, जिससे यह मामला हत्या में तब्दील हो गया। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से पड़ोसी हैं और उनके बीच पहले भी पार्किंग, कूड़ा फेंकने जैसे छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर विवाद होते रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने कुल सात लोगों को पकड़ा है, जिनमें छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इलाके को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की गई है और अफवाहों से दूर रहने को कहा गया है। इधर मृतक तरुण के पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बेटे को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक उनसे कोई ठोस बातचीत नहीं की है और न ही उन्हें यह बताया गया कि किन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। तरुण के पिता का कहना है कि जब उनका बेटा वहां पहुंचा तो 15 से 20 लोगों ने उस पर हमला कर दिया और बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की। इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।