दरभंगा/नई दिल्ली, 27 फरवरी। राजधानी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में 20 फरवरी को हुई दोहरी हत्या की सनसनीखेज वारदात का खुलासा हो गया है। मामी और उनकी छह साल की मासूम बेटी की हत्या कर शव को दिवान पलंग के भीतर छिपाने के बाद फरार हुए भांजे दिनदयाल झा को दिल्ली पुलिस ने दरभंगा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। घर के भीतर मिला भयावह दृश्य मृतका ज्योति अपने पति सुदर्शन कुमार और तीन बच्चों के साथ दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत आली विहार, भीम कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थीं। पास के ही मकान में उनका भांजा दिनदयाल झा भी रह रहा था। 20 फरवरी की शाम जब सुदर्शन कुमार घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और प्रयास करने के बाद जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था। कमरे में रखा दिवान पलंग असामान्य स्थिति में था। जब उसे उठाया गया तो उसके भीतर पत्नी ज्योति और छह वर्षीय बेटी जानवी का शव बरामद हुआ। घटना के बाद से दिनदयाल झा फरार था और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। दिल्ली से हरिद्वार, फिर दरभंगा तक पीछा हत्या के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस की टेक्निकल सेल सक्रिय हो गई। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि आरोपी दिल्ली से हरिद्वार भागा और वहां से बिहार के दरभंगा पहुंच गया। दिल्ली पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। गुरुवार को पुलिस टीम दरभंगा पहुंची और स्थानीय नगर थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दरभंगा के एसएसपी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस हत्या के एक आरोपी को यहां से पकड़कर ले गई है। फटकार से उपजा प्रतिशोध प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुदर्शन कुमार ने किसी बात को लेकर दिनदयाल को डांट-फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने प्रतिशोध में यह जघन्य कदम उठाया। कुछ स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी का अपनी मामी के साथ अत्यधिक भावनात्मक लगाव भी था, जिसे लेकर परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है और अभी किसी ठोस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मासूम की हत्या से गहरा आक्रोश छह साल की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और रिश्तों के विश्वास पर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। दिल्ली पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ करेगी। हत्या की सटीक वजह, घटना के दौरान की परिस्थितियां और संभावित साजिश के पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि पारिवारिक रिश्तों में उपजे विवाद किस तरह भयावह मोड़ ले सकते हैं।