नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से निपटने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI एयरपोर्ट) परिसर में अत्याधुनिक Anti Smog Fogger System का उद्घाटन किया। इस परियोजना के अंतर्गत एयरपोर्ट क्षेत्र में 120 मिस्ट गनों की स्थापना की गई है, जो धूल और सूक्ष्म कणों को नियंत्रित करने में सहायक होंगी। यह पहल राजधानी में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों का उदाहरण मानी जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में धूल के स्तर को कम करने के उद्देश्य से यह प्रणाली नियमित अंतराल पर फाइन वॉटर मिस्ट का छिड़काव करेगी, जिससे हवा में मौजूद प्रदूषक कण नीचे बैठेंगे और वातावरण अपेक्षाकृत स्वच्छ रहेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए बहुआयामी रणनीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी स्टेकहोल्डर्स—सरकारी एजेंसियों, निजी कंपनियों और नागरिकों—के साथ समन्वय स्थापित कर राजधानी को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। एयरपोर्ट क्षेत्र में डस्ट मिटिगेशन के लिए GMR Group द्वारा की गई इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ‘पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप’ का सफल उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के तकनीकी उपायों को शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी लागू करने पर विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक कैलाश गहलोत सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।