वाराणसी, 05 फरवरी 2025। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल द्वारा विभिन्न रेलखंडों पर लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 05 फरवरी 2025 को गोरखपुर कैंट–थावे–छपरा कचहरी रेलखंड पर व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई। इस विशेष अभियान के तहत कप्तानगंज, पड़रौना, थावे एवं छपरा कचहरी स्टेशनों को आधार बनाकर किलाबंदी के साथ टिकट जांच की गई। जांच के दौरान छपरा–थावे सवारी गाड़ी (75103), थावे–नकहा जंगल सवारी गाड़ी (75105), गोहाटी–जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस (15653), मथुरा–छपरा एक्सप्रेस (15110) सहित कई मेल एवं सवारी गाड़ियों में यात्रियों के टिकटों की गहनता से जांच की गई। इस अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/थावे श्री विशाल सिंह एवं मुख्य वाणिज्य निरीक्षक कप्तानगंज श्री महेन्द्र शुक्ला ने किया। टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री मोहम्मज सईद अख्तर, टिकट निरीक्षक राजेश सिंह, अमित कुमार, श्रीमती प्रतिमा कुमारी, ममता कुमारी और संतोष कुमार सहित कुल 08 टिकट जांच कर्मचारी शामिल थे। अभियान को प्रभावी बनाने में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। छपरा, सीवान, थावे, कप्तानगंज, तमकुही रोड, पीपराइच, पड़रौना सहित अन्य स्टेशनों एवं ट्रेनों में की गई इस सघन जांच के दौरान बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 91 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेल राजस्व के रूप में ₹24,965 (चौबीस हजार नौ सौ पैंसठ रुपये) का जुर्माना वसूल किया गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें भी देखी गईं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि टिकट जांच से यात्रियों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ी है। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान ने आम यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा के दौरान रेल नियमों का पालन करें, उचित और वैध यात्रा टिकट लेकर ही सफर करें तथा ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे का सहयोग करें।