सोनपुर प्रशासन में सख्ती: जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत

सोनपुर। प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सोमवार को सोनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण, योजनाओं के क्रियान्वयन और कर्मचारियों की उपस्थिति समेत विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अनिवार्य रूप से बॉयोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयीन अनुशासन में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एलएसबीए योजना में पारदर्शिता पर जोर जिलाधिकारी ने एलएसबीए (LSBA) योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वच्छता पर्यवेक्षक को कार्यालय में बैठने के बजाय फील्ड में जाकर लाभार्थियों का वेरिफिकेशन कार्य करने तथा जन-जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि एलएसबीए योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि का भुगतान पंचायत सचिव या अन्य सरकारी कर्मी द्वारा सत्यापन के उपरांत ही किया जाए। उन्होंने रिकॉर्ड के विधिवत संधारण पर विशेष बल दिया। कार्यालय भवन निर्माण को लेकर निर्देश सोनपुर में नये प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण को लेकर जिलाधिकारी ने निर्माण अवधि तक के लिए कार्यालय को उपयुक्त स्थल पर शिफ्ट करने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साफ-सफाई और अभिलेख प्रबंधन पर फोकस निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में समुचित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने पुराने अभिलेखों को विधिवत अभिलेखागार में जमा कराने, रद्दी रिकॉर्ड का नियमानुसार निष्पादन करने तथा वर्तमान में आवश्यक अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से संधारित करने का निर्देश दिया। अनाधिकृत अनुपस्थिति पर विभागीय कार्रवाई करीब डेढ़ वर्षों से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित अंचल लिपिक जयप्रकाश श्रीवास्तव के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्य में लापरवाही या अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की जांच सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मृत चिह्नित लाभार्थियों के सत्यापन को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि वास्तव में मृत लाभार्थियों के मामले में मृत्यु प्रमाण पत्र या पड़ोसियों के बयान जैसे साक्ष्य रिकॉर्ड में अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएं। दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज के सबसे पुराने लंबित मामलों का भी जिलाधिकारी ने अवलोकन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित रखने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनपुर, अंचल अधिकारी सोनपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।