वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने किया औचक निरीक्षण, कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए कड़े निर्देश

छपरा, 18 फरवरी 2026: सारण जिले में आयोजित वार्षिक माध्यमिक सैद्धांतिक परीक्षा 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को छपरा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा कदाचारमुक्त वातावरण की तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने जिला स्कूल छपरा, एस डी एस कॉलेज छपरा तथा आर एन सिंह इवनिंग कॉलेज छपरा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर केंद्राधीक्षकों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजाम एवं निगरानी तंत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि में विद्यालय परिसर के सभी प्रवेश एवं निकासी द्वारों को पूर्ण रूप से बंद रखा जाए, ताकि बाहरी हस्तक्षेप की कोई संभावना न रहे। साथ ही उन्होंने परीक्षा हॉल में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे अधिष्ठापित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा कदाचारमुक्त, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।