नई दिल्ली: देश में आम लोगों की रसोई का बजट एक बार फिर बढ़ गया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि एक साल से भी कम समय में एलपीजी की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इस बढ़ोतरी के बाद देशभर में घरेलू बजट पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए रसोई खर्च और बढ़ सकता है।

इधर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, खासकर ईरान और अमेरिका के बीच टकराव के कारण तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है। इस तनाव का असर यह हुआ कि ब्रेंट क्रूड की कीमत 94 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो इसका सीधा असर भारत जैसे आयात पर निर्भर देशों पर पड़ सकता है, जिससे ईंधन की कीमतों में आगे और बढ़ोतरी संभव है।

हालांकि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भारतीय ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। देश के प्रमुख महानगरों में ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं।

देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम (रुपये प्रति लीटर):

  • नई दिल्ली – पेट्रोल ₹94.72, डीजल ₹87.62
  • मुंबई – पेट्रोल ₹104.21, डीजल ₹92.15
  • कोलकाता – पेट्रोल ₹103.94, डीजल ₹90.76
  • चेन्नई – पेट्रोल ₹100.75, डीजल ₹92.34
  • अहमदाबाद – पेट्रोल ₹94.49, डीजल ₹90.17
  • बेंगलुरु – पेट्रोल ₹102.92, डीजल ₹89.02
  • हैदराबाद – पेट्रोल ₹107.46, डीजल ₹95.70
  • जयपुर – पेट्रोल ₹104.72, डीजल ₹90.21
  • लखनऊ – पेट्रोल ₹94.69, डीजल ₹87.80
  • पुणे – पेट्रोल ₹104.04, डीजल ₹90.57
  • चंडीगढ़ – पेट्रोल ₹94.30, डीजल ₹82.45
  • इंदौर – पेट्रोल ₹106.48, डीजल ₹91.88
  • पटना – पेट्रोल ₹105.58, डीजल ₹93.80
  • सूरत – पेट्रोल ₹95.00, डीजल ₹89.00
  • नासिक – पेट्रोल ₹95.50, डीजल ₹89.50

वहीं उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में वैट और ट्रांसपोर्टेशन लागत के कारण कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। आगरा में पेट्रोल लगभग 94.64 रुपये और डीजल करीब 87.80 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में पेट्रोल करीब 94.89 रुपये और डीजल लगभग 88.01 रुपये प्रति लीटर के आसपास बना हुआ है।

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और मध्य पूर्व की अस्थिर स्थिति ने तेल सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी हमलों के बाद सप्लाई चेन बाधित होने का खतरा भी जताया जा रहा है। इसके अलावा कतर और ईरान के बीच बढ़ते विवाद के कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।

गौरतलब है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है और वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। यदि यहां किसी तरह की बाधा आती है तो वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में और उछाल आ सकता है।

इसी बीच भारतीय रुपये की डॉलर के मुकाबले कमजोरी भी भारत के लिए कच्चे तेल के आयात को महंगा बना रही है। ऐसे में आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *