छिंदवाड़ा, 02 अप्रैल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ कहे जाने वाले छिंदवाड़ा के संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यहां की जनता इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के काले कारनामों का जवाब देगी।

डॉ यादव कल देर रात जिले के शाहपुरा में स्थानीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके पहले उन्होंने चौरई में पार्टी प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के समर्थन में रोड शो किया और जनता से भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक मतों से जिताने की अपील की।

डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा तेजी से देश का विकास कर रही है। प्रधानमंत्री भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ विश्व गुरू बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। छिंदवाड़ा की जनता इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के काले कारनामों का जवाब देने के लिए तैयार है। भाजपा छिंदवाड़ा सहित प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी। भारतीय जनता पार्टी छिंदवाड़ा का अंधेरा हटाएगी और यहां कमल खिलेगा।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष तीन हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 2014 में भारत से लेकर पाकिस्तान की धरती तक दुश्मनों की छाती पर वार किया। 2019 में देश में चारों तरफ उन्नति का पराक्रम दिखाना प्रारंभ हुआ और 500 साल पुराने कलंक को धो दिया। कांग्रेस ने भगवान श्री राम को लेकर हिंदू मुस्लिम को खूब लड़ाया है। प्रधानमंत्री की बदौलत जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हट गई। जिन विचारों के कारण भारत की पहचान गलत बनती थी, भाजपा वो सारे कांटे हटा रही है।

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लाखों-करोड़ों का चंदा ले रही है, लेकिन चंदा लेने के बाद इनकम टैक्स का हिसाब नहीं दे रही। कांग्रेस को उसके कर्म भुगतना पड़ेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह के संदर्भ में कहा कि उन्होंने भाजपा का दामन थामा तो कांग्रेस ने उनका अपमान करना शुरु कर दिया। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि आप सबके हाथ में सुदर्शन चक्र है, 19 तारीख (मतदान की तारीख) को आपकी उंगली में वो ताकत आएगी और कमल के फूल का बटन दबाते ही हिसाब चुकता होगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *