Highlights

भोपाल, 27 मार्च: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है।

पार्टी की ओर से कल देर रात स्टार प्रचारकों की सूची की गई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम मुख्य रूप से शामिल है। कुछ दिन पहले कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को भी राज्य में पार्टी के प्रचार-प्रसार का जिम्मा सौंपा गया है।

सूची के अनुसार केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी भी राज्य में पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे। मध्यप्रदेश से लोकसभा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते और वीरेंद्र खटीक भी राज्य में प्रचार की कमान संभालेंगे।

भाजपा ने अपने विभिन्न मुख्यमंत्रियों को भी मध्यप्रदेश में स्टार प्रचारक के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी है। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, असम के हिमंता बिस्वा सरमा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी राज्य में प्रचार करेंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और उत्तरप्रदेश के केशव प्रसाद मौर्य भी लोकसभा चुनाव के पूर्व मध्यप्रदेश में मतदाताओं को संबोधित करेंगे।

राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, तुलसी सिलावट, ऐंदल सिंह कंसाना और निर्मला भूरिया भी लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे।

राज्य के पूर्व मंत्री और वरिष्ठतम विधायक गोपाल भार्गव, डॉ नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य और जयभान सिंह पवैया भी विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने वाले हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *