नई दिल्ली, 22 फरवरी: इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की खामियों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को ईवीएम हटाओ मोर्चा तथा अन्य संगठनों के प्रदर्शन में शामिल हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह तथा अन्य कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।

ईवीएम हटाओ मोर्चा की तरफ से दी गयी जानकारी के अनुसार ईवीएम के खिलाफ यहां जंतर मंतर पर सभा आयोजित की जा रही थी और इसकी इजाजत भी मिल चुकी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने आखिरी वक्त में इजाजत को रद्द किया जिसके कारण यह आयोजन युवा कांग्रेस कार्यालय रायसीना रोड पर करना पड़ा।

मोर्चा के प्रमुख उदित राज के हवाले से मिली खबरों में बताया गया है कि विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह तथा डॉ उदित राज सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के दौरान पुलिस ने हिरासत में लेकर पार्लियामेंट थाने में रखा गया जबकि विधायक तथा पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार राजेंद्र पाल गौतम को इन्द्रपुरी थाने में रखा गया।

विरोध प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक बावरिया, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली पूर्व सांसद उदित राज तथा अन्य ने कहा कि देश इस समय अघोषित आपातकाल का दौर चल रहा है और आंदोलित किसानों का दमन कर जनतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ऐसा इसलिए कर रही है कि ताकि भ्रष्टाचार, महंगाई तथा बेरोजगारी के खिलाफ आवाज न उठे और किसानों के आंदोलन को दबाया जा सके।

मोर्चा के नेताओं ने कहा कि सरकार ने जानबूझकर 12 मार्च तक जंतर मंतर में प्रदर्शन पर रोक लगाई है। सरकार का अनुमान है कि तब आचार संहिता लग जायेगी और दिल्ली में आंदोलन को भी रोका जा सकेगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *