नई दिल्ली, 16 जनवरी : आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी दलों का ‘इंडिया’ गठबंधन चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में जीत हासिल करेगा और यह जीत 2024 के लोकसभा चुनाव का आगाज होगा।

श्री चड्ढा ने आज कहा कि इंडिया गठबंधन का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से पहला मुकाबला 18 जनवरी को चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में होने जा रहा है। यह 2024 के लोकसभा चुनाव का आगाज होगा। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से यह साबित हो जाएगा कि आने वाले दिनों में इंडिया गठबंधन और भाजपा के बीच मुक़ाबले में क्या नतीजे होंगे।

‘आप’ नेता ने कहा कि मेयर चुनाव से यह भी साबित होगा कि इंडिया गठबंधन जब मिलकर चुनाव लड़ता है तो एक और एक दो नहीं बल्कि ग्यारह होते हैं। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन ही वर्ष 2024 में केंद्र की भाजपा को हराएगी।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मेयर ‘आप ’का होगा जबकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद कांग्रेस पार्टी के पास जाएगा।

उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बँटवारे पर कहा कि किन राज्यों में सीटों का बंटवारा होगा और कहां मिलकर लड़ना है, वह आगे देखा जाएगा। सीट बँटवारे पर पल- पल की जानकारी साझा करना उचित नहीं है। इस संदर्भ में जैसे ही कोई महत्वपूर्ण फ़ैसला होगा सभी के सामने जानकारी सार्वजनिक कर दी जायेगी। श्री चड्ढा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ मुलाकात हुई थी। बैठक सार्थक रही और साथ मिलकर लड़ने का रास्ता साफ हुआ।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *