दमोह, 28 अक्टूबर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश में कई वर्षों से भाजपा की सरकार है, लेकिन क्या प्रदेश की जनता के जीवन में तरक्की हुई?

क्या रोज़गार मिले हैं ? क्या महंगाई घटी है? नहीं, तो भाजपा की सरकार जनता के लिए क्या कर रही है? देश और प्रदेश की सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही है, उसमें मिडिल क्लास, गरीबों के लिए, किसानों के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश बड़े बदलाव के लिए तैयार है। 225 महीने के शासन में 250 घोटाले करने वाली भाजपा सरकार जा रही है। भारी बहुमत से कांग्रेस आ रही है।

प्रियंका शनिवार को मप्र के प्रवास के दौरान दमोह में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने सभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज नेता धर्म की बातें करते हैं, काम की नहीं, इससे जनता का ही नुकसान होता है। कुछ हटके बोलना चाहती हूं। किसानों को कोई राहत नहीं मिली। मनरेगा को कमजोर बना दिया। किसानों को कोई राहत नहीं मिली। ऐसा कानून लाए, जिसका लाभ नहीं मिला। महंगाई बढ़ती जा रही है। आज हर चीज पर जीएसटी लगा दी।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी लाकर छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी। कोरोना में हमारे देश में किसी को राहत नहीं मिली, जबकि बाकी देशों में दुकानदारों को राहत दी गई। बच्चों की किताबें, यूनिफॉर्म, इलाज, सीमेंट हर चीज पर जीएसटी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि हम कह रहे हैं कि जातिगत जनगणना करो। बिहार में जातिगत जनगणना की गई है। वहां 84 फीसदी जनता एससी, एसटी और ओबीसी है, लेकिन अगर आप नौकरियों में बड़े-बड़े पदों को देखेंगे तो इन समुदायों का प्रतिनिधित्व क्या है? आप पाएंगे कि उतना प्रतिनिधित्व नहीं है।

उन्होंने कहा कि ये लोग कहते हैं कि ओल्ड पेंशन और किसानों के कर्ज माफ करने के लिए पैसे नहीं हैं। एक तरफ बेरोजगारी है तो दूसरी ओर महंगाई। मनरेगा को कमजोर बना दिया गया है। पेट्रोल, डीजल, खाद महंगा कर किसानों की कमर तोड़ दी। इससे रोजगार के जरिए बंद हो गए। महंगाई बढ़ती चली गई। मध्यप्रदेश में रोजगार के मौके बेहद कम हैं, इसलिए यहां पलायन बहुत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लाड़ली स्कीम क्यों? चुनाव के समय कह दिया कि लो लाड़ली स्कीम ले लो। कांग्रेस ने महिलाओं को आरक्षण दिया, इसलिए आज गांव-गांव में महिलाओं का प्रतिनिधित्व है। जब तक आप नहीं जागेंगे, आप इस सरकार से सवाल नहीं पूछेंगे, तब तक कुछ नहीं बदलेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घेरते हुए कहा कि पिछले चुनाव की घोषणाएं इन्होंने पूरी कीं? 2018 में कहा था कि लाखों रोजगार देंगे? नेता समझ गया है कि चुनाव के समय खोखली घोषणाएं, जाति और धर्म की बात कर लो। नैया पार हो जाएगी, काम करने की जरूरत नहीं है। काम की बात नहीं करते, इसीलिए धर्म की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल में पुराना पेंशन मिल रहा है। इन प्रदेशों में महिलाओं को भी पैसे मिल रहे हैं। हम जो गारंटी दे रहे हैं, वो इन प्रदेशों में देख सकते हैं। कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार लड़ रही है।

सभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड पैकेज का बुंदेलखंड में लाभ नहीं मिला। हमें बेरोजगारी दूर करने से पहले भाजपा के नेताओं को बेरोजगार बनाना है। यह मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। शिवराज ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *