श्रावस्ती, 18 अगस्त: जिले के इकौना थाना क्षेत्र के जयचन्दपुर कटघरा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और गोलीबारी में पांच व्यक्ति घायल हो गये जिनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गोली लगने से घायल ग्राम प्रधान के भाई संजय तिवारी (30) की अस्पताल में मृत्यु हो गयी।

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने शुक्रवार को बताया ‘जयचन्दपुर कटघरा गांव में बृहस्पतिवार की शाम करीब पौने छ बजे दो गुटों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट हुई और फिर एक गुट ने गोलीबारी की। इस घटना में संजय तिवारी, सुखदेव तिवारी, विमला देवी, राजन और अभिषेक तिवारी घायल हो गए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान संजय तिवारी की मृत्यु हो गई।” उन्होंने बताया कि शेष चार घायलों का इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी रहा है।

एसपी ने बताया कि घटना के संबंध में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। फॉरेंसिक टीम घटना की जांच कर रही है। गौरतलब है कि जयचन्दपुर कटघरा गांव में शिव कुमार शुक्ल ग्राम प्रधान थे। पंचायत चुनावों में उनके नजदीकी रिश्तेदार अरविंद तिवारी उन्हें हराया और प्रधान बने जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच उच्च न्यायालय में एक मुकदमा भी चल रहा है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *