Highlights

 

छपरा, 27 फरवरी। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित ‘महिला प्रेरित सम्मान सीजन–2’ समारोह में सारण जिले की प्रतिभाशाली बेटी सलोनी कुमारी को योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह भव्य कार्यक्रम “The Tiger Events” द्वारा आशियाना स्थित बीएन क्लब रामनगरी में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 101 चयनित महिलाओं को सम्मानित किया गया।

सारण जिले के सोनपुर प्रखंड अंतर्गत बाकरपुर गांव निवासी प्रद्युमन कुमार सिंह और संगीता देवी की पुत्री सलोनी कुमारी वर्तमान में सारण जिला योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्हें भोजपुरी फिल्म अभिनेता कुणाल सिंह के हाथों मोमेंटो एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजक केसरी टाइगर ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करना तथा उनके कार्यों को व्यापक पहचान दिलाना है। सम्मान के लिए कला एवं संस्कृति, उद्यमिता एवं व्यवसाय, शिक्षा एवं विज्ञान, खेल, चिकित्सा, प्रशासनिक सेवा, विधवा सशक्तिकरण, राजनीति, समाज सेवा, दिव्यांग, किन्नर समुदाय और महिला सशक्तिकरण जैसे विविध क्षेत्रों को शामिल किया गया था।

इस अवसर पर सलोनी कुमारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रही महिलाओं को पहचान और प्रोत्साहन देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि समाज में अनेक ऐसी महिलाएं हैं जो चुपचाप समाज कल्याण के कार्यों में जुटी हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

सलोनी के सम्मान से पूरे सारण जिले में हर्ष का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों में सारण जिला योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सह वरीय अधिवक्ता पारस नाथ श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र रस्तोगी, सचिव चंद्र शेखर प्रसाद सिंह, सहायक सचिव तरुण कुमार सिंह, संरक्षिका डॉ. अंजू सिंह एवं डॉ. रंजिता प्रियदर्शिनी सहित परिवार के सदस्य दादा स्वर्गीय योगेंद्र प्रसाद सिंह, दादी देवंती देवी, चाचा बृजनंदन सिंह, चाची काजल सिंह और दीदी सिमरन सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

‘महिला प्रेरित सम्मान सीजन–2’ जैसे आयोजनों से यह संदेश स्पष्ट होता है कि समाज में महिलाओं की भूमिका को अब नए दृष्टिकोण से देखा जा रहा है और उनके योगदान को सम्मानित कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *