छपरा, 14 फरवरी। जिले के मछुआ समुदाय की आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने आज मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के अंतर्गत 37 लाभुकों के बीच मत्स्य शिकार एवं विपणन किट का वितरण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं लाभार्थियों के बीच उत्साह का वातावरण देखा गया।

मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना का उद्देश्य जिले के मछुआरों और मत्स्य विक्रेताओं को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके कार्य को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और हाइजीनिक बनाना है। योजना के तहत मत्स्य शिकारमाही करने तथा मछली के विपणन के लिए आवश्यक उपकरणों को एक पैकेज के रूप में उपलब्ध कराया जाता है, ताकि जल स्रोतों से बाजार तक मछली की गुणवत्ता और स्वच्छता बनी रहे।

क्या-क्या मिला किट में

लाभार्थियों को फेंका जाल, गिल नेट, हांडी, तराजू तथा इंसुलेटेड आइस बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री एक संपूर्ण किट के रूप में प्रदान की गई। इन सामग्रियों की मदद से मछुआरे मछली को सुरक्षित तरीके से संग्रहित कर बाजार तक पहुंचा सकेंगे। विशेष रूप से इंसुलेटेड आइस बॉक्स के उपयोग से मछली ताजी एवं स्वच्छ अवस्था में उपभोक्ताओं तक पहुंचेगी।

शत-प्रतिशत अनुदान का लाभ

इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि लाभार्थियों को किट पूर्णतः शत-प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराई जाती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मछुआरों और मत्स्य विक्रेताओं पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ता।

 आय में वृद्धि और बेहतर बाजार व्यवस्था

जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस पहल से मछुआरों को आजीविका का एक अतिरिक्त एवं सशक्त साधन प्राप्त होगा, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि होगी। साथ ही उपभोक्ताओं को भी ताजी, सुरक्षित और उचित मूल्य पर मछली उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़क किनारे, चौक-चौराहों और हाट-बाजारों में मत्स्य विपणन करने वाले मछुआरों एवं वेंडरों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिया जा रहा है।

यह पहल न केवल मछुआ समुदाय की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि जिले में मत्स्य विपणन की व्यवस्था को भी अधिक सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाएगी।

कार्यक्रम में उप मत्स्य निदेशक सारण परिक्षेत्र, छपरा श्री सुमन कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी छपरा श्री प्रदीप कुमार सहित श्रीमती अमृता रंजन, श्री राजू कुमार, श्रीमती चंचला, श्रीमती आस्था मिश्रा एवं अन्य मत्स्य विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *